IIT Delhi Convocation: PM मोदी बोले- ‘मैं बाबा बागेश्वर नहीं हूं’, IIT दिल्ली के छात्रों से बोले- कैंपस के बाहर के सवाल हमेशा आउट ऑफ सिलेबस
IIT Delhi Convocation: PM मोदी ने IIT दिल्ली के छात्रों को भविष्य के लिए तैयार रहने और कैंपस की यादें संजोने की सलाह दी। उन्होंने ‘परम प्रज्ञा’ सुपरकंप्यूटिंग सुविधा का उद्घाटन भी किया।

IIT Delhi Convocation: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को IIT दिल्ली के 57वें दीक्षांत समारोह में ग्रेजुएट होने वाले छात्रों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने छात्रों के भविष्य, सपनों और कैंपस की यादों का जिक्र करते हुए अपने अंदाज में कहा कि उनके मन में आगे को लेकर कई सवाल चल रहे होंगे, लेकिन वे बाबा बागेश्वर नहीं हैं कि सब कुछ जान सकें। पीएम ने छात्रों से कहा कि कैंपस की दुनिया और बाहर की दुनिया काफी अलग है और जिंदगी में आने वाले कई सवाल हमेशा ‘आउट ऑफ सिलेबस’ होंगे।
छात्रों के मन में चल रहे सपनों का किया जिक्र
पीएम मोदी ने कहा कि हर छात्र के मन में आने वाले कल की अलग तस्वीर होगी। कोई अपनी पहली सैलरी का इंतजार कर रहा होगा, तो कोई नए शहर में नई शुरुआत की तैयारी कर रहा होगा। कुछ छात्र स्टार्टअप शुरू करने का सपना देख रहे होंगे, जबकि कई आगे की प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर तैयारी कर रहे होंगे। उन्होंने कहा कि सभी के रास्ते और सपने अलग हैं, लेकिन कैंपस से विदाई के इस मौके पर उत्साह और भावुकता का एहसास सभी में समान है।
‘इस पल को पूरी तरह से जिएं’
प्रधानमंत्री ने छात्रों से कहा कि ओरिएंटेशन से लेकर कॉन्वोकेशन तक का सफर उनके जीवन का खास हिस्सा रहेगा। आगे की जिंदगी में जब उन्हें पीछे मुड़कर देखने का मौका मिलेगा, तो कैंपस की यादें उन्हें फिर उसी दौर में ले जाएंगी। उन्होंने छात्रों को सलाह दी कि वे इस पल को पूरी तरह से जिएं और अपने कॉलेज के दोस्तों, शिक्षकों और मेंटर्स को हमेशा याद रखें।
टीचर्स और सपोर्ट स्टाफ को धन्यवाद देने की अपील
पीएम मोदी ने कहा कि छात्रों की सफलता में टीचर्स, मेंटर्स और सपोर्ट स्टाफ की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि कैंपस छोड़ने से पहले यहां के हर उस व्यक्ति से जरूर मिलें, जिसने उनकी पढ़ाई और सफर में किसी न किसी रूप में योगदान दिया है। पीएम ने कहा कि इन रिश्तों को एक एसेट की तरह संभालकर रखें और भविष्य में उन्हें न भूलें।
मेडल पाने वाले छात्रों को दी बधाई
दीक्षांत समारोह में प्रधानमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया। इनमें प्रेसिडेंट गोल्ड मेडल, डायरेक्टर गोल्ड मेडल, शंकर दयाल शर्मा गोल्ड मेडल और परफेक्ट टेन गोल्ड मेडल शामिल रहे। पीएम मोदी ने सभी मेडल विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि उनके परिवारों के साथ उन्हें भी छात्रों की उपलब्धियों पर गर्व है। उन्होंने समारोह में छात्राओं की संख्या और बढ़ाने की जरूरत की बात भी कही।
‘परम प्रज्ञा’ सुपरकंप्यूटिंग सुविधा का उद्घाटन
IIT दिल्ली के 57वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए पीएम मोदी ने संस्थान के सोनीपत कैंपस में विकसित एआई आधारित हाई-परफॉर्मेंस सुपरकंप्यूटिंग सुविधा ‘परम प्रज्ञा’ का उद्घाटन भी किया। इस सुविधा से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा साइंस, एडवांस्ड कंप्यूटिंग और इंटरडिसिप्लिनरी रिसर्च के क्षेत्र में संस्थान की क्षमताओं को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है|