Ladli Behna Yojna: लाड़ली बहना की 39वीं किस्त आज होगी जारी, खाते में कितने पैसे आएंगे? CM मोहन यादव करेंगे ट्रांसफर
Ladli Behna Yojna: लाड़ली बहना योजना की 39वीं किस्त आज जारी होगी। CM मोहन यादव 1.25 करोड़ से ज्यादा महिलाओं के खातों में 1,750 रुपए ट्रांसफर करेंगे।
Ladli Behna Yojna: भोपाल: मध्य प्रदेश की लाड़ली बहनों के लिए आज का दिन खास है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार को मैहर में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम से लाड़ली बहना योजना की 39वीं किस्त जारी करेंगे। इस बार पात्र महिलाओं के खातों में नियमित 1,500 रुपए के साथ रक्षाबंधन के विशेष शगुन के तौर पर 250 रुपए अतिरिक्त भेजे जाएंगे। यानी हर पात्र लाड़ली बहना के खाते में कुल 1,750 रुपए की राशि पहुंचेगी।
1 करोड़ 25 लाख से ज्यादा बहनों को मिलेगा लाभ
लाड़ली बहना योजना की 39वीं किस्त का लाभ प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख 13 हजार से अधिक पात्र महिला हितग्राहियों को मिलेगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मैहर से सिंगल क्लिक के जरिए महिलाओं के बैंक खातों में राशि ट्रांसफर करेंगे। सरकार की ओर से इस किस्त और विशेष शगुन को मिलाकर कुल 2,148 करोड़ रुपए से अधिक की राशि जारी की जाएगी।
रक्षाबंधन पर मिलेगा 250 रुपए का अतिरिक्त शगुन
इस बार लाड़ली बहनों को नियमित किस्त के साथ रक्षाबंधन का विशेष तोहफा भी दिया जा रहा है। योजना के तहत हर महीने मिलने वाले 1,500 रुपए के अलावा 250 रुपए अतिरिक्त शगुन के तौर पर दिए जाएंगे। इस तरह अगस्त महीने में प्रत्येक पात्र महिला के खाते में कुल 1,750 रुपए पहुंचेंगे। सरकार के इस फैसले से रक्षाबंधन के त्योहार पर महिलाओं को अतिरिक्त आर्थिक सहायता मिलेगी।
39 किस्तों में 63 हजार करोड़ से ज्यादा की राशि ट्रांसफर
लाड़ली बहना योजना के तहत अब तक महिलाओं के बैंक खातों में 38 नियमित किस्तों के जरिए बड़ी राशि पहुंचाई जा चुकी है। 39वीं किस्त जारी होने के बाद योजना की शुरुआत से अब तक 39 किस्तों में 63,248 करोड़ रुपए से ज्यादा की राशि महिला हितग्राहियों को मिल चुकी होगी। सरकार का कहना है कि योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और उनके दैनिक खर्चों में सहायता देना है।
2026-27 में योजना के लिए 23,882 करोड़ का बजट
मध्य प्रदेश सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में लाड़ली बहना योजना के लिए 23,882.81 करोड़ रुपए का बजट प्रावधान किया है। योजना के जरिए प्रदेश की बड़ी संख्या में महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता दी जा रही है। आज मैहर में होने वाले राज्यस्तरीय कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 39वीं किस्त और रक्षाबंधन शगुन की राशि सीधे खातों में ट्रांसफर करेंगे।