'सीलिंग कार्रवाई से भोपाल के व्यापारी परेशान हैं', विजयवर्गीय बोले- विभाग के बड़े अधिकारी दिल्ली में हैं, जल्द समाधान निकलेगा
कैबिनेट मंत्री ने आगे कहा कि ये सीलिंग की कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर हो रही है। इसको लेकर सरकार चिंतित है। दिल्ली में जो बड़े वकील हैं, उनके साथ बात की जा रही है। मास्टर प्लान को लेकर भी सरकार चर्चा कर रही है।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर भोपाल में रिहायशी इलाकों में चल रही अवैध दुकानों पर सीलिंग कार्रवाई को लेकर एमपी के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने प्रतिक्रिया दी है। विजयवर्गीय ने कहा कि राजधानी में दुकानों पर सीलिंग की कार्रवाई से पूरे शहर के व्यापारी परेशान हैं। उन्होंने कहा कि हमारे विभाग के सभी बड़े अधिकारी आज दिल्ली में हैं। वे वकीलों से चर्चा कर रहे हैं। इसके बाद जल्द ही समस्या का समाधान निकाला जाएगा।
'मास्टर प्लान पर भी हो रही है चर्चा'
कैबिनेट मंत्री ने आगे कहा कि ये सीलिंग की कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर हो रही है। इसको लेकर सरकार चिंतित है। दिल्ली में जो बड़े वकील हैं, उनके साथ बात की जा रही है। मास्टर प्लान को लेकर भी सरकार चर्चा कर रही है।
बता दें कि सुप्रीम कोर्ट में देशभर के बड़े शहरों में रहवासी इलाकों में चल रही व्यापारिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। राजधानी भोपाल में भी रिहायशी इलाकों में चल रही दुकानों पर सीलिंग की कार्रवाई की गई है। जिसको लेकर व्यापारियों में भारी गुस्सा है। व्यापारियों ने इसके लिए सरकार की नीतियों को जिम्मेदार ठहराया है।
'अखिलेश यादव की पार्टी ने रामभक्तों पर गोलियां चलवाई'
कैलाश विजयवर्गीय ने अखिलेश यादव पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, 'अखिलेश यादव को राम मंदिर पर बोलने का अधिकार ही नहीं है। जिन नेताओं और पार्टियों ने राम भक्तों पर गोलियां चलवाई थी, उन्हें कोई अधिकार नहीं है। ये हत्यारे लोग हैं, ये कोई भी टीका-टिप्पणी करें, ये बिलकुल भी उचित नहीं है।'
'PM मोदी के जन्मदिन पर करोड़ों दीए जलाने की प्लानिंग'
विजयवर्गीय ने आगे कहा, '17 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी का जन्मदिन है। उस दिन भव्य दीप समारोह होगा। हमारी कोशिश है कि सभी बूथ पर कम से कम 100 दीए जलाए जाएं। करोड़ों की संख्या में दीप जलाने की प्लानिंग की जा रही है। मिट्टी के दीए बनाना इस मौसम में मुश्किल है। बन भी गए तो सूखना मुश्किल होगा। इसलिए मोम के दीए जलाने को लेकर भी बात की जा रही है।'