CM Katni Visit : कटनी दौरे पर CM मोहन यादव के कई बड़े ऐलान, शिक्षा, सिंचाई और UCC पर सरकार का फोकस
CM Katni Visit : प्रदेश में सांदीपनि विद्यालय विकसित किए जा रहे हैं। सरकार का दावा है कि इन विद्यालयों में आधुनिक सुविधाओं के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है।
CM Mohan Yadav Katni Visit : कटनी। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को कटनी जिले के स्लीमनाबाद में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षा, सिंचाई, किसानों के विकास और समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने सांदीपनि विद्यालयों के लोकार्पण कार्यक्रम में कहा कि राज्य सरकार आधुनिक सुविधाओं के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में शिक्षा, कृषि और आधारभूत विकास को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि आने वाले वर्षों में मध्य प्रदेश देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो सके।
सांदीपनि विद्यालयों में आधुनिक शिक्षा पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा की मित्रता का प्रसंग समाज में समानता, मैत्री और संस्कारों का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने उज्जैन के सांदीपनि आश्रम में शिक्षा प्राप्त कर ज्ञान और संस्कृति का महत्व स्थापित किया था। इसी प्रेरणा से प्रदेश में सांदीपनि विद्यालय विकसित किए जा रहे हैं।
सरकार का दावा है कि इन विद्यालयों में आधुनिक सुविधाओं के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। विद्यार्थियों को नि:शुल्क पुस्तकें, साइकिलें, मेधावी छात्रों को लैपटॉप और स्कूल टॉपर को स्कूटी देने जैसी योजनाएं भी संचालित की जा रही हैं।
झिंझरी और बहोरीबंद को मिली नए विद्यालयों की सौगात
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कटनी जिले के झिंझरी और बहोरीबंद में नए सांदीपनि विद्यालयों का लोकार्पण किया। झिंझरी का विद्यालय लगभग 38.61 करोड़ रुपये और बहोरीबंद का विद्यालय करीब 35.63 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुआ है।
इन विद्यालयों में आधुनिक शिक्षा, डिजिटल सुविधाएं और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया गया है। सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी निजी विद्यालयों के समान गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है।
स्लीमनाबाद टनल से किसानों को मिलेगा बड़ा लाभ
मुख्यमंत्री ने स्लीमनाबाद टनल परियोजना को विंध्य और बुंदेलखंड क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से कटनी, रीवा, सतना, मैहर और पन्ना जिलों में सिंचाई और पेयजल की उपलब्धता बढ़ेगी। सरकार के अनुसार परियोजना के लिए लगभग 1400 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जल्द ही कटनी में भव्य कार्यक्रम आयोजित कर इस परियोजना का लोकार्पण किया जाएगा। उन्होंने केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना और पार्वती-कालीसिंध-चंबल परियोजना का भी उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं से प्रदेश के कई जिलों के किसानों को लाभ मिलेगा।
UCC और लाड़ली बहना योजना पर भी की घोषणा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि विधानसभा के आगामी वर्षाकालीन सत्र में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) का मसौदा लाने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि वर्षाकालीन सत्र से पहले भोपाल के पास स्थित जगदीशपुर में मंत्रिपरिषद की बैठक आयोजित होगी, जिसमें यूसीसी के प्रारूप पर विचार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 1500 रुपये की राशि अंतरित की जाएगी। कार्यक्रम में सांसद विष्णु दत्त शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।