Meta Muse : अगर आपका Instagram अकाउंट पब्लिक है, तो यह खबर आपके लिए महत्वपूर्ण है। Meta ने अपना नया AI इमेज जनरेशन मॉडल Meta Muse पेश किया है। इसके बाद यूजर्स की प्राइवेसी को लेकर नए सवाल उठने लगे हैं। दावा किया जा रहा है कि अब AI आपकी पब्लिक फोटो, रील और प्रोफाइल फोटो का इस्तेमाल करके नई AI तस्वीरें बना सकता है।
क्या है Meta Muse?
Meta Muse, Meta का नया AI इमेज जनरेशन मॉडल है। यह Meta AI, Instagram और WhatsApp के साथ काम करता है। नए फीचर के तहत अगर किसी का Instagram अकाउंट पब्लिक है, तो Meta AI उसकी पब्लिक तस्वीरों और रील्स का इस्तेमाल AI इमेज बनाने के लिए कर सकता है।
प्राइवेसी को लेकर क्यों बढ़ी चिंता?
सबसे बड़ी चिंता यह है कि यह फीचर डिफॉल्ट रूप से चालू है। यानी यूजर्स से पहले परमिशन नहीं ली जाती। अगर कोई इस फीचर का इस्तेमाल नहीं चाहता, तो उसे खुद जाकर सेटिंग बदलनी होगी।
प्राइवेसी एक्सपर्ट्स का कहना है कि किसी फोटो का सोशल मीडिया पर पब्लिक होना, इसका मतलब यह नहीं है कि उसका इस्तेमाल AI से नई तस्वीरें बनाने के लिए भी किया जाए।
क्रिएटर्स और इन्फ्लुएंसर्स के लिए बढ़ सकता है खतरा
विशेषज्ञों का मानना है कि इस फीचर से कंटेंट क्रिएटर्स और इन्फ्लुएंसर्स को ज्यादा नुकसान हो सकता है। उनकी तस्वीरों का इस्तेमाल फर्जी एडवर्टाइस, फेक प्रोफाइल या गलत कंटेंट बनाने में किया जा सकता है। इससे उनकी पहचान और साख पर भी असर पड़ सकता है।
यूजर्स क्या कर सकते हैं?
अगर आप नहीं चाहते कि आपकी पब्लिक फोटो और रील्स का इस्तेमाल AI के लिए हो, तो Instagram की Privacy और AI Settings जरूर जांचें। जरूरत पड़ने पर अपना अकाउंट Private करें या AI से जुड़ी सेटिंग्स को बंद कर दें।
डिजिटल दौर में आपकी फोटोज और निजी जानकारी भी आपकी पहचान का हिस्सा हैं, इसलिए सोशल मीडिया की प्राइवेसी सेटिंग्स समय-समय पर जांचना और उन्हें अपनी जरूरत के मुताबिक अपडेट करना जरूरी है।