Twisha Sharma Case: भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा मिस्ट्री केस में मंगलवार की सुनवाई बेहद अहम मानी जा रही है। गिरिबाला सिंह और समर्थ सिंह की न्यायिक हिरासत पूरी होने के बाद दोनों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अदालत में पेश किया जाएगा। इस दौरान CBI जांच से जुड़े अहम दस्तावेज और AIIMS दिल्ली की फॉरेंसिक रिपोर्ट कोर्ट के सामने रख सकती है।
आज कोर्ट में क्या होगा?
मामले में दोनों आरोपियों की न्यायिक हिरासत मंगलवार को समाप्त हो रही है। ऐसे में CBI उन्हें वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अदालत में पेश करेगी। जांच एजेंसी अदालत से न्यायिक हिरासत बढ़ाने की मांग कर सकती है, ताकि जांच से जुड़ी बची हुई प्रक्रिया पूरी की जा सके।
AIIMS की रिपोर्ट पर रहेगी सबकी नजर
सूत्रों के मुताबिक, CBI सुनवाई के दौरान दिल्ली AIIMS की फॉरेंसिक रिपोर्ट भी अदालत में पेश कर सकती है। इस रिपोर्ट को पूरे मामले का अहम हिस्सा माना जा रहा है, क्योंकि इससे ट्विशा शर्मा की मौत से जुड़े कई महत्वपूर्ण सवालों पर स्थिति साफ होने की उम्मीद है।
जांच अंतिम चरण में, जल्द आ सकती है चार्जशीट
करीब 60 दिनों से चल रही जांच अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। माना जा रहा है कि CBI जल्द ही इस हाई-प्रोफाइल मामले में अदालत के समक्ष चार्जशीट दाखिल कर सकती है। ऐसे में मंगलवार की सुनवाई जांच की दिशा तय करने वाली महत्वपूर्ण कड़ी मानी जा रही है।
12 मई को मिली थी ट्विशा की लाश
ट्विशा शर्मा 12 मई 2026 की रात भोपाल के कटारा हिल्स स्थित अपने ससुराल में मृत मिली थीं। ससुराल पक्ष ने इसे आत्महत्या बताया था, जबकि मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाया। शुरुआती पोस्टमार्टम पर सवाल उठने के बाद हाईकोर्ट ने AIIMS दिल्ली से दोबारा पोस्टमार्टम कराने के निर्देश दिए थे। अब उसी फॉरेंसिक रिपोर्ट पर सभी की नजरें टिकी हैं।