Datia Bypoll Update : मध्य प्रदेश। दतिया विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। अधिसूचना जारी होने के बाद उम्मीदवारों ने नामांकन फॉर्म खरीदना शुरू कर दिया है। अब तक 10 उम्मीदवार नामांकन पत्र ले चुके हैं। इनमें भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा तथा कांग्रेस नेता अवधेश नायक का नाम भी शामिल है। हालांकि, भाजपा और कांग्रेस ने अभी तक अपने अधिकृत उम्मीदवारों की औपचारिक घोषणा नहीं की है।
LPG Cylinders Video Viral : बाढ़ के पानी में बहे 3 हजार LPG सिलेंडर, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
नामांकन प्रक्रिया ने बढ़ाई चुनावी हलचल
दतिया उपचुनाव को लेकर प्रशासनिक प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही राजनीतिक दलों की सक्रियता भी बढ़ गई है। जानकारी के अनुसार, अब तक 10 लोगों ने नामांकन फॉर्म खरीदे हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि दोनों प्रमुख दल जल्द ही अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर सकते हैं। इस उपचुनाव को भाजपा और कांग्रेस दोनों के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई माना जा रहा है, क्योंकि दोनों दल इस सीट पर जीत दर्ज करने के लिए पूरी ताकत झोंक रहे हैं।
कांग्रेस और BJP में उम्मीदवारों को लेकर चर्चा तेज
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक राजेंद्र भारती ने कहा कि यदि पार्टी चाहे तो उनके परिवार के बजाय किसी अन्य नेता को उम्मीदवार बना सकती है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कांग्रेस जिस भी प्रत्याशी को मैदान में उतारेगी, वह उसके समर्थन में पूरी ताकत से प्रचार करेंगे।
दूसरी ओर भाजपा की ओर से पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा का नाम सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है। हालांकि, दोनों दलों की ओर से आधिकारिक घोषणा का इंतजार किया जा रहा है।
इन उम्मीदवारों ने खरीदा नामांकन फॉर्म
अब तक नामांकन फॉर्म खरीदने वालों में दामोदर यादव, केशव यादव, डॉ. नरोत्तम मिश्रा, अवधेश नायक, हनसमुखी लोधी, राम सिंह बघेल, हरदास कुशवाहा, बालकिशन विश्वकर्मा, वेदराम कुर्मी और शादाबुद्दीन माफी राज उद्दीन के नाम शामिल हैं। नामांकन प्रक्रिया के आगे बढ़ने के साथ दतिया का चुनावी मुकाबला और दिलचस्प होने की संभावना है।