PM Modi Seychelles Visit : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन दिवसीय आधिकारिक दौरे पर शनिवार को सेशेल्स की राजधानी विक्टोरिया पहुंचे। सेशेल्स अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी ने उनका स्वागत किया। दौरे के दौरान प्रधानमंत्री ने सेशेल्स नेशनल बोटैनिकल गार्डन का भ्रमण किया, जहां उन्होंने दुनिया के सबसे उम्रदराज जीवित जमीनी जीव माने जाने वाले ‘जोनाथन’ कछुए से मुलाकात की। माना जाता है कि जोनाथन का जन्म वर्ष 1832 में हुआ था और उसकी उम्र करीब 194 वर्ष है। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने उसे दुनिया का सबसे उम्रदराज जीवित जमीनी जानवर माना है। इस दौरान प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति के साथ नारियल पानी पिया और परिसर में एक पौधा भी लगाया।
TET Paper Leak : महाराष्ट्र में TET पेपर लीक, 28 जून को होना था एग्जाम; अब हो गया पोस्टपोन
राष्ट्रीय दिवस समारोह में होंगे मुख्य अतिथि
प्रधानमंत्री मोदी 29 जून को सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। यह समारोह देश की आजादी के 50 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में भारतीय सशस्त्र बलों की एक टुकड़ी और भारतीय नौसेना के दो युद्धपोत भी परेड में हिस्सा लेंगे। इस दौरे को दोनों देशों के बीच बढ़ते रणनीतिक और रक्षा सहयोग के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
MP UCC Draft : मध्य प्रदेश में UCC का 90 प्रतिशत ड्राफ्ट तैयार, अंतिम रिपोर्ट जल्द
समुद्री सुरक्षा और द्विपक्षीय सहयोग पर होगी अहम चर्चा
दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के बीच द्विपक्षीय संबंधों, समुद्री सुरक्षा, ब्लू इकोनॉमी, व्यापार, विकास सहयोग और क्षेत्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर विस्तृत चर्चा होगी।
प्रधानमंत्री सेशेल्स की नेशनल असेंबली को भी संबोधित करेंगे और वहां रहने वाले भारतीय समुदाय के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और सेशेल्स के बीच राजनयिक संबंधों के 50 वर्ष पूरे हो चुके हैं और दोनों देशों के रिश्ते आपसी विश्वास, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा मजबूत जनसंपर्क पर आधारित हैं।
हिंद महासागर में रणनीतिक साझेदारी को मिलेगी नई मजबूती
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सेशेल्स भारत का महत्वपूर्ण समुद्री पड़ोसी और ‘विजन महासागर (MAHASAGAR)’ का प्रमुख साझेदार है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह यात्रा दोनों देशों के संबंधों को और मजबूत करेगी तथा हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा और सहयोग को नई दिशा देगी।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री मोदी सेशेल्स की नेशनल असेंबली को संबोधित करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री होंगे। इससे पहले वर्ष 1976 और 1981 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने सेशेल्स का दौरा किया था। इसके बाद लंबे अंतराल के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री का यह महत्वपूर्ण दौरा माना जा रहा है।
सेशेल्स क्यों है भारत के लिए खास
सेशेल्स हिंद महासागर में स्थित 115 द्वीपों वाला एक छोटा लेकिन रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण देश है। इसकी राजधानी विक्टोरिया दुनिया की सबसे छोटी राजधानियों में गिनी जाती है।
देश का क्षेत्रफल केवल 459 वर्ग किलोमीटर है, जबकि इसका समुद्री आर्थिक क्षेत्र (EEZ) करीब 13.7 लाख वर्ग किलोमीटर में फैला हुआ है। पर्यटन यहां की अर्थव्यवस्था का प्रमुख आधार है।
इसके अलावा सेशेल्स विशाल कछुओं, दुनिया के सबसे भारी ‘कोको डी मेर’ बीज, साफ समुद्री जल और समृद्ध समुद्री जैव विविधता के लिए भी प्रसिद्ध है। हिंद महासागर के महत्वपूर्ण समुद्री व्यापार मार्गों पर स्थित होने के कारण भारत सहित कई देशों के लिए इसका रणनीतिक महत्व लगातार बढ़ रहा है।