CM Mohan Yadav Betul Visit : भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार शाम से दो दिवसीय बैतूल दौरे पर रहेंगे। इस दौरान उनका मुख्य फोकस ग्रामीणों से सीधे संवाद करना और क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का जायजा लेना रहेगा। मुख्यमंत्री शाम को जिले के प्रसिद्ध हिल स्टेशन कुकरू पहुंचेंगे। यहां वे प्राकृतिक स्थलों का भ्रमण करेंगे और ग्राम पंचायत कुकरू में आयोजित रात्रि चौपाल में शामिल होकर ग्रामीणों से आमने-सामने बातचीत करेंगे। इस कार्यक्रम के जरिए ग्रामीण अपनी समस्याएं और सुझाव सीधे मुख्यमंत्री के सामने रख सकेंगे।
सनसेट पॉइंट का करेंगे अवलोकन
मुख्यमंत्री का कार्यक्रम शाम 6:30 बजे कुकरू के सनसेट पॉइंट के अवलोकन से शुरू होगा। इसके बाद वे ग्राम पंचायत कुकरू में आयोजित रात्रि चौपाल में शामिल होंगे। चौपाल के दौरान ग्रामीणों के साथ संवाद कर उनकी समस्याओं और विकास संबंधी आवश्यकताओं की जानकारी लेंगे। कार्यक्रम के समापन पर मुख्यमंत्री स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। इससे क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत और स्थानीय प्रतिभाओं को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
मेडिटेशन, स्व-सहायता समूहों का निरीक्षण
दौरे के दूसरे दिन 28 जून की सुबह मुख्यमंत्री 6:30 बजे सनराइज और बुच पॉइंट पर मेडिटेशन करेंगे। इसके बाद वे स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित गतिविधियों का निरीक्षण करेंगे और उनके कार्यों की जानकारी लेंगे। सुबह 7:30 बजे पौधारोपण कार्यक्रम में भाग लेने के बाद मुख्यमंत्री कॉफी प्लांटेशन का भी निरीक्षण करेंगे। इस दौरान क्षेत्र में रोजगार, महिला सशक्तिकरण और कृषि आधारित गतिविधियों की प्रगति का भी अवलोकन किया जाएगा।
मन की बात कार्यक्रम में होंगे शामिल
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सुबह 10 बजे स्थानीय जनप्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे और क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करेंगे। इसके बाद सुबह 11 बजे वे प्रधानमंत्री के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के सामूहिक श्रवण में शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर 12:10 बजे बैतूल से भोपाल के लिए रवाना होंगे। माना जा रहा है कि इस दौरे से क्षेत्र के विकास कार्यों की समीक्षा के साथ ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल होगी।