CM Mohan Yadav Ujjain Land Controversy : भोपाल। मध्य प्रदेश की राजनीति में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की जमीनों को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि मुख्यमंत्री और उनके परिवार के पास 245 प्लॉट्स में करीब 335 एकड़ जमीन है। कांग्रेस का दावा है कि वर्ष 2023 में मुख्यमंत्री बनने के बाद उनके परिवार ने 147 नए प्लॉट खरीदे हैं, जिनका कुल रकबा लगभग 168 एकड़ है। पार्टी का आरोप है कि इनमें से कई जमीनें उन क्षेत्रों में स्थित हैं, जहां सिंहस्थ को ध्यान में रखते हुए विकास कार्य हुए हैं या जहां नई सड़कें प्रस्तावित हैं। अब इस मामले पर भाजपा ने पलटवार किया है।
भाजपा ने आरोपों को बताया झूठ और भ्रामक
कांग्रेस के आरोपों पर भारतीय जनता पार्टी ने तीखा पलटवार किया है। भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि कांग्रेस जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने दावा किया कि विधानसभा चुनाव के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जो संपत्ति विवरण प्रस्तुत किया था, उसमें अब तक कोई बदलाव नहीं हुआ है।
उनके अनुसार मुख्यमंत्री के नाम एक इंच जमीन भी नहीं बढ़ी है। उन्होंने कहा कि उज्जैन हिंदुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है और मुख्यमंत्री वहां विकास कार्यों को आगे बढ़ा रहे हैं, जिससे कांग्रेस परेशान है।
सिंहस्थ और विकास कार्यों को लेकर भी सियासत
रामेश्वर शर्मा ने कहा कि उज्जैन में आगामी सिंहस्थ और धार्मिक आयोजनों को लेकर बड़े स्तर पर तैयारियां चल रही हैं। उनका आरोप है कि कांग्रेस विकास कार्यों को लेकर भी राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार धार्मिक और सांस्कृतिक विकास को बढ़ावा देने के लिए काम कर रही है, जबकि कांग्रेस बेवजह विवाद खड़ा कर रही है।
मंत्री चेतन कश्यप ने भी दी सफाई
एमएसएमई मंत्री चेतन कश्यप ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल पहले ही इस विषय पर स्थिति स्पष्ट कर चुके हैं।
मंत्री के अनुसार मुख्यमंत्री मोहन यादव के पास लगभग 17 एकड़ जमीन है, जो उनके मुख्यमंत्री बनने से पहले की है। उन्होंने कहा कि मास्टर प्लान में कोई बदलाव नहीं किया गया है और परिवार के सदस्यों की संपत्तियां उनकी व्यक्तिगत संपत्ति हैं।
बहू की जमीन खरीद को लेकर भी जवाब
भाजपा ने यह भी स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री की पुत्रवधू द्वारा करीब 10 एकड़ जमीन खरीदी गई है, लेकिन वह मास्टर प्लान क्षेत्र के बाहर स्थित है। पार्टी का कहना है कि सभी जमीनों की खरीद नियमानुसार और पहले से हुई है। भाजपा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस राज्यसभा चुनाव में मिली हार की निराशा के कारण इस तरह के मुद्दे उठा रही है।
MP Poster War : राम मंदिर दान विवाद पर भोपाल में पोस्टर वॉर, कांग्रेस ने भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप
आरोप-प्रत्यारोप के बीच बढ़ी राजनीतिक गर्मी
मुख्यमंत्री मोहन यादव की जमीनों को लेकर कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने हैं। कांग्रेस जहां मामले की जांच और पारदर्शिता की मांग कर रही है, वहीं भाजपा आरोपों को राजनीतिक साजिश बता रही है। आने वाले दिनों में यह मुद्दा मध्य प्रदेश की राजनीति में और अधिक चर्चा का विषय बन सकता है।