MP Weather Alert : भोपाल। मध्य प्रदेश में नौतपा के बीच मौसम का मिजाज अचानक बदलता नजर आ रहा है। शुक्रवार सुबह ग्वालियर में रुक-रुक कर बारिश हुई, जबकि मुरैना जिले में तेज बारिश दर्ज की गई। अचानक बदले मौसम से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से कुछ राहत मिली है। पिछले कई दिनों से प्रदेश के कई जिले तेज गर्मी और लू की चपेट में थे। गुरुवार को भी दमोह समेत कई जिलों में बारिश और ओले गिरने की खबरें सामने आई थीं। मौसम में आए इस बदलाव ने लोगों को थोड़ी राहत जरूर दी है, लेकिन गर्मी का असर अभी भी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है।
कई जिलों में अब भी लू का अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश के कई जिलों में लू और तेज गर्मी का अलर्ट जारी किया है। ग्वालियर, मुरैना, श्योपुर, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर में तीव्र लू का ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। वहीं भोपाल, जबलपुर समेत 27 जिलों में हीटवेव का येलो अलर्ट जारी है।
मौसम विभाग के अनुसार इन इलाकों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना रह सकता है। इसके अलावा इंदौर, उज्जैन, देवास, हरदा और नर्मदापुरम जैसे जिलों में भी तेज गर्मी का असर बना रहेगा।
प्रदेश के कई शहरों में पारा 45 डिग्री के पार
नौतपा की शुरुआत 25 मई से हुई थी और पहले ही दिन से प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर शुरू हो गया। खजुराहो और नौगांव लगातार सबसे गर्म शहरों में शामिल रहे हैं। गुरुवार को नौतपा के चौथे दिन प्रदेश के 10 शहरों में तापमान 45 डिग्री या उससे अधिक दर्ज किया गया।
खजुराहो सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राजगढ़ में 46 डिग्री, दतिया में 45.7 डिग्री और नौगांव, दमोह तथा मलाजखंड में 45.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा सतना, मंडला और सागर जैसे जिलों में भी भीषण गर्मी का असर देखने को मिला।
बड़े शहरों में भी गर्मी का असर कायम
प्रदेश के बड़े शहरों की बात करें तो ग्वालियर सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 44.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। जबलपुर में 44 डिग्री, भोपाल में 43.8 डिग्री, उज्जैन में 42.5 डिग्री और इंदौर में 41.8 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। लगातार बढ़ते तापमान की वजह से लोगों को दिन के समय घरों से बाहर निकलने में परेशानी हो रही है। गर्म हवाओं और उमस ने हालात और मुश्किल बना दिए हैं।
Newborn Body Found : इंदौर MY अस्पताल के बाथरूम में मिला नवजात का शव, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
अगले तीन दिन आंधी-बारिश और ओलों के आसार
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले तीन दिनों तक मौसम बदला हुआ रह सकता है। 30 और 31 मई के साथ 1 जून को कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और ओले गिरने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग का कहना है कि इन तीन दिनों के दौरान प्रदेश में कहीं भी हीटवेव का अलर्ट नहीं रहेगा। इंदौर और नर्मदापुरम संभाग को छोड़कर अधिकांश हिस्सों में मौसम का असर देखने को मिल सकता है। कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने का अनुमान है।
इन जिलों में बारिश और आंधी की संभावना
मौसम विभाग ने छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली जिलों में आंधी और बारिश की संभावना जताई है। इन इलाकों में तेज हवाएं चल सकती हैं और कुछ स्थानों पर ओले गिरने के भी आसार हैं। प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। किसानों और यात्रियों को मौसम की जानकारी पर नजर बनाए रखने को कहा गया है।
Cow Head Found : ईद पर रतलाम में बड़ा बवाल, गाय का कटा सिर मिलने के बाद लोगों ने किया चक्काजाम
नौतपा में भोपाल का मौसम रिकॉर्ड
भोपाल में हर साल नौतपा के दौरान मौसम में बदलाव देखने को मिलता है। पिछले 14 सालों में 7 बार नौतपा के दौरान बारिश दर्ज की गई है, जबकि 2 बार बूंदाबांदी हुई। इस बार भी नौतपा की शुरुआत में ही बूंदाबांदी देखने को मिली। साल 2018 और 2019 में सबसे ज्यादा गर्मी पड़ी थी, जब औसत तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया था।