Keralam New CM : कांग्रेस पार्टी ने आखिरकार केरल के नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान कर दिया है। गुरुवार को पार्टी की तरफ से वीडी सतीशन के नाम पर अंतिम मुहर लगाई गई। एआईसीसी की केरल प्रभारी दीपा दासमुंशी ने आधिकारिक रूप से उनके नाम की घोषणा की। लंबे समय से मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रही अटकलों और राजनीतिक खींचतान के बाद अब स्थिति साफ हो गई है। सतीशन के चयन को कांग्रेस के भीतर एक बड़े राजनीतिक फैसले के तौर पर देखा जा रहा है।
10 दिन तक चला मुख्यमंत्री पद पर मंथन
केरल विधानसभा चुनाव के नतीजे 4 मई को आए थे। कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट यानी UDF ने बड़ी जीत हासिल की थी। हालांकि बाकी राज्यों में मुख्यमंत्री पद की घोषणा और शपथ ग्रहण जल्दी हो गया था, लेकिन केरल में कांग्रेस करीब 10 दिन तक फैसला नहीं कर पाई।
इस देरी की मुख्य वजह पार्टी के अंदर मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रही रस्साकशी थी। मुख्यमंत्री की दौड़ में वीडी सतीशन के अलावा केसी वेणुगोपाल और रमेश चेन्निथला का नाम भी शामिल था। तीनों नेताओं के समर्थक अपने-अपने पक्ष में माहौल बनाने में जुटे हुए थे।
राहुल गांधी और खड़गे की अहम भूमिका
मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम फैसला लेने से पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं के साथ चर्चा की। इस बैठक में एआईसीसी प्रभारी दीपा दासमुंशी, अजय माकन और मुकुल वासनिक भी शामिल थे। इन नेताओं ने हाल ही में केरल के नवनिर्वाचित विधायकों से बातचीत कर उनकी राय जानी थी।
इसके अलावा राहुल गांधी ने भी इस पूरे मामले में अहम भूमिका निभाई। बुधवार शाम राहुल गांधी ने खड़गे के साथ करीब 30 मिनट तक बैठक की। इसके बाद गुरुवार सुबह राहुल ने केसी वेणुगोपाल से अलग मुलाकात की। माना जा रहा है कि राहुल गांधी ने वेणुगोपाल को मुख्यमंत्री पद की दौड़ से पीछे हटने के लिए मनाया।
Weddings Without Gold : क्या बिना सोने के हो सकती है शादी? PM मोदी की अपील के बाद शुरू हुई नई बहस
सतीशन की साफ छवि
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि सतीशन की साफ छवि, संगठन पर पकड़ और युवा नेतृत्व की पहचान उनके पक्ष में गई। कांग्रेस अब केरल में नए नेतृत्व के जरिए मजबूत सरकार और बेहतर प्रशासन देने की कोशिश करेगी।
केरल में कांग्रेस गठबंधन को मिला बड़ा बहुमत
केरल विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के नेतृत्व वाले UDF गठबंधन ने शानदार प्रदर्शन किया है। 140 सदस्यीय विधानसभा में गठबंधन को 102 सीटें मिली हैं। यह दो-तिहाई बहुमत से भी ज्यादा है।
कांग्रेस के पास अकेले 63 विधायक हैं। इसके अलावा इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग यानी IUML के पास 22 सीटें हैं। केरल कांग्रेस के पास 8 और क्रांतिकारी समाजवादी पार्टी यानी RSP के पास 3 विधायक हैं। इस मजबूत बहुमत के बाद कांग्रेस सरकार गठन की तैयारी में जुट गई है।
जल्द हो सकती है शपथ ग्रहण समारोह की घोषणा
अब मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा के बाद केरल कांग्रेस विधायक दल की बैठक होगी। इसमें औपचारिक रूप से वीडी सतीशन को नेता चुना जाएगा। इसके बाद राज्यपाल को सरकार बनाने का दावा पेश किया जाएगा। माना जा रहा है कि जल्द ही शपथ ग्रहण समारोह की तारीख का भी ऐलान किया जा सकता है।