HIGHLIGHTS:
- जनगणना के दौरान साइबर ठगी का खतरा बढ़ा
- प्रियंक मिश्रा ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील
- OTP, बैंक डिटेल और APK फाइल से हो सकती है ठगी
- क्राइम ब्रांच जल्द जारी करेगी एडवाइजरी
- 1930 हेल्पलाइन पर तुरंत करें शिकायत
census 2026 scam alert: भोपाल। राजधानी में चल रही जनगणना प्रक्रिया के बीच प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपील की है। बता दें कि कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने कहा कि लोग सही और पूरी जानकारी दें, ताकि सरकार बेहतर योजनाएं बना सके। उन्होंने इसे एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय प्रक्रिया बताते हुए सभी की भागीदारी जरूरी बताई।
साइबर ठगों की बढ़ी सक्रियता
अधिकारियों के अनुसार, जनगणना जैसे बड़े अभियान के दौरान साइबर अपराधी भी सक्रिय हो जाते हैं। पहले भी ठगों ने कोरोना काल और अन्य आपात स्थितियों में लोगों को फर्जी कॉल और लिंक के जरिए निशाना बनाया है। अब आशंका है कि जनगणना के नाम पर भी ठगी की घटनाएं बढ़ सकती हैं।
OTP और फर्जी ऐप से खतरा
साइबर ठग खुद को जनगणना अधिकारी बताकर लोगों से OTP, आधार नंबर और बैंक डिटेल मांग सकते हैं। कई मामलों में APK फाइल डाउनलोड करवाकर मोबाइल का एक्सेस ले लिया जाता है और बैंक खातों से पैसे निकाल लिए जाते हैं।
क्राइम ब्रांच की सख्ती और चेतावनी
भोपाल क्राइम ब्रांच इस खतरे को गंभीरता से ले रही है। एडिशनल डीसीपी शैलेंद्र सिंह चौहान ने साफ कहा है कि कोई भी असली जनगणना कर्मी OTP या बैंक जानकारी नहीं मांगता। ऐसे कॉल या मैसेज मिलने पर तुरंत सतर्क हो जाएं और शिकायत दर्ज कराएं।
कैसे रखें खुद को सुरक्षित
प्रशासन ने नागरिकों को सलाह दी है कि किसी भी अनजान कॉल पर अपनी निजी जानकारी साझा न करें। अज्ञात लिंक या APK फाइल डाउनलोड करने से बचें और केवल अधिकृत जनगणना कर्मियों को ही जानकारी दें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना 1930 हेल्पलाइन पर तुरंत दें।