MP Board Results 2026 : छतरपुर। मध्य प्रदेश बोर्ड परीक्षा 10वी – 12वी का रिजल्ट सामने आने के बाद स्टूडेंट्स के आत्महत्या के मामले सामने आ रहे है। मुलताई और छिंदवाड़ा के बाद अब एक और छात्रा ने जहर खा लिया है। यह पूरा मामला छतरपुर जिले के नौगांव क्षेत्र का बताया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, 12वीं कक्षा की 17 वर्षीय छात्रा ने बोर्ड परीक्षा के परिणाम में असफल होने के बाद यह कदम उठाया।
रिजल्ट देखने के बाद खा लिया जहरीला पदार्थ
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नौगांव थाना क्षेत्र के सुनाटी गांव निवासी शिवानी अहिरवार (17) पुत्री सुरेश अहिरवार ने हाल ही में कक्षा 12वीं की परीक्षा दी थी।
बुधवार को जैसे ही परीक्षा परिणाम घोषित हुआ, वह उसमें फेल हो गई। परिणाम आने के कुछ समय बाद ही छात्रा ने दोपहर के समय कोई जहरीला पदार्थ खा लिया।
छतरपुर जिला अस्पताल किया रेफर
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन तुरंत उसे नौगांव के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन उसकी हालत गंभीर बनी रही।
स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे छतरपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
MP Board Results 2026 : मजदूर की बेटी बनीं State Topper, Chandni Vishwakarma ने रचा इतिहास
क्या बोले एसडीओपी अमित मेश्राम
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। एसडीओपी अमित मेश्राम ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला परीक्षा में असफल होने के कारण उठाया गया कदम प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है और परिजनों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।
यह घटना एक बार फिर छात्रों पर बढ़ते मानसिक दबाव और परीक्षा परिणाम के असर को उजागर करती है। विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे समय में परिवार और समाज को बच्चों का मनोबल बढ़ाने और उनका साथ देने की जरूरत होती है, ताकि वे किसी भी परिस्थिति में ऐसे कठोर कदम उठाने से बच सकें।