Aayudh

Categories

Samrat Chaudhary Oath : सम्राट चौधरी आज लेंगे CM की शपथ, बिहार को मिलेगा BJP का पहला मुख्यमंत्री

Samrat Chaudhary Oath

Samrat Chaudhary Oath : पटना। आज बिहार के राजनीतिक इतिहास में एक महत्वपूर्ण दिन है। RJD के पूर्व सचेतक और भाजपा के वरिष्ठ नेता सम्राट चौधरी आज बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इस शपथ के साथ बिहार को पहली बार भारतीय जनता पार्टी (BJP) का मुख्यमंत्री मिलने जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, शपथ ग्रहण समारोह लोकभवन के जर्मन हैंगर में सुबह 11 बजे से आयोजित होगा। इस दौरान उनके साथ जदयू के विधायक विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव डिप्टी मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

Bihar New CM : सम्राट चौधरी ने सरकार बनाने का दावा किया पेश, कल लेंगे CM पद की शपथ

सम्राट चौधरी बिहार के 24वें मुख्यमंत्री

इस भव्य समारोह में कई राज्यों के मुख्यमंत्री और डिप्टी मुख्यमंत्री के शामिल होने की संभावना है। शपथ लेने के बाद सम्राट चौधरी बिहार के 24वें मुख्यमंत्री बन जाएंगे। खास बात यह है कि उनके नेतृत्व में राज्य में भाजपा के नेतृत्व वाली यह पहली सरकार होगी।

नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद राजनीतिक बदलाव

यह राजनीतिक बदलाव नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद हुआ है। नीतीश कुमार ने राज्यसभा सदस्य बनने के बाद सोमवार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। वे करीब 20 साल तक बिहार के मुख्यमंत्री रहे और राज्य की राजनीति में उनका लंबा अनुभव रहा है।

नेता चुने जाने के बाद बोले सम्राट चौधरी

भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद सम्राट चौधरी ने कहा कि उन्होंने राजनीति में करीब 30 साल का सफर तय किया है। उन्होंने बताया कि 2015 के चुनाव के दौरान वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचारों से प्रभावित होकर भाजपा से जुड़े और तब से लगातार पार्टी के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने नीतीश कुमार से बहुत कुछ सीखा है और उनके विकास के विजन को आगे बढ़ाने का प्रयास करेंगे।

Bihar New CM : बिहार में 48 घंटे में नया मुख्यमंत्री, सीएम की रेस में ये नाम शामिल

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

शपथ ग्रहण से पहले राजभवन की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। आने-जाने वाले वाहनों की सख्ती से जांच की जा रही है और पूरे इलाके में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। वहीं, भाजपा कार्यालय में भी जश्न की तैयारी जोरों पर है, जहां कार्यकर्ताओं के लिए विशेष भोज का आयोजन किया जा रहा है।

सम्राट चौधरी का राजनीतिक सफर

सम्राट चौधरी का राजनीतिक सफर काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा है। उन्होंने 1990 में राजनीति में कदम रखा और शुरुआत में आरजेडी और जदयू के साथ काम किया। वर्ष 1999 में वे मात्र 25 साल की उम्र में राबड़ी देवी सरकार में कृषि मंत्री बने, जो उस समय चर्चा और विवाद का विषय रहा।

जीतन राम मांझी सरकार में बने शहरी विकास मंत्री

इसके बाद वे जदयू में शामिल हुए और 2014 में जीतन राम मांझी सरकार में शहरी विकास मंत्री बने। वर्ष 2017 में उन्होंने भाजपा का दामन थामा और धीरे-धीरे पार्टी में अपनी मजबूत पहचान बनाई।

Vedanta Power Plant : वेदांता पावर प्लांट में बड़ा हादसा, बॉयलर फटने से 9 की दर्दनाक मौत

2021 में वे पंचायती राज मंत्री बने, फिर 2023 में भाजपा बिहार के प्रदेश अध्यक्ष और 2024 में उपमुख्यमंत्री बनाए गए। 2025 में दोबारा डिप्टी सीएम बनने के साथ उन्हें गृह मंत्री का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया।

उनकी राजनीतिक यात्रा में कई अहम मोड़ आए, जिनमें पार्टी बदलने के फैसले और बड़े पदों की जिम्मेदारियां शामिल हैं। तारापुर सीट से उनकी जीत ने यह साबित कर दिया कि वे जनता के बीच मजबूत पकड़ रखते हैं।

आज सम्राट चौधरी के शपथ लेने के साथ ही बिहार में एक नए राजनीतिक अध्याय की शुरुआत हो रही है, जिस पर पूरे देश की नजर बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *