Aayudh

Categories

Twisha Sharma Case : CBI का बड़ा एक्शन , रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह गिरफ्तार; आज ही कोर्ट में पेश करेंगे

Giribala Singh Arrested

Twisha Sharma Case : मध्य प्रदेश। भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो यानी CBI ने बड़ा कदम उठाया है। गुरुवार को ट्विशा की सास और रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। CBI की टीम सुबह करीब साढ़े 10 बजे उनके घर पहुंची थी। इसके बाद कई घंटों तक उनसे पूछताछ की गई। न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, शाम 5 बजकर 10 मिनट पर उनकी गिरफ्तारी की गई। गिरफ्तारी के बाद CBI टीम उन्हें मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले जाने की तैयारी में जुट गई। इसके बाद उन्हें CBI कोर्ट में पेश किया जाएगा।

घर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात

गिरफ्तारी की कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रखी गई। गिरिबाला सिंह के घर के बाहर कटारा हिल्स और बाग सेवनिया थाना पुलिस को तैनात किया गया। पूरे इलाके में बैरिकेडिंग कर दी गई ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस और CBI दोनों एजेंसियां पूरी सतर्कता के साथ कार्रवाई कर रही हैं।

16 Year old Election Candidate : मैं बौना हूं…16 साल का लड़का खुद को 30 साल का बताकर लड़ा सांसद का चुनाव

हाईकोर्ट ने खारिज की अग्रिम जमानत

इससे पहले बुधवार को मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी। हाईकोर्ट ने देर रात 17 पन्नों का विस्तृत आदेश जारी किया। अदालत ने अपने आदेश में कहा कि मामले की गंभीरता, उपलब्ध सबूत और जांच की मौजूदा स्थिति को देखते हुए आरोपी पक्ष को राहत देना उचित नहीं है। हाईकोर्ट के इस फैसले के बाद गिरिबाला सिंह की गिरफ्तारी की संभावना बढ़ गई थी।

CBI ने की 360 डिग्री रिकॉर्डिंग

जांच के दौरान CBI ने तकनीकी जांच भी तेज कर दी है। एजेंसी ने गिरिबाला सिंह के घर में हाई इंटेंसिटी 3D कैमरे लगाकर पूरे परिसर की 360 डिग्री रिकॉर्डिंग की। इसके साथ ही आसपास की लोकेशन को भी स्कैन किया गया। जांच एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटनास्थल आसपास के किसी मकान की छत या बालकनी से दिखाई देता था या नहीं। माना जा रहा है कि इस तकनीकी जांच से घटनास्थल से जुड़े कई अहम तथ्य सामने आ सकते हैं।

MP Wheat Procurement : एमपी में गेहूं खरीदी ने बनाया रिकॉर्ड, CM मोहन यादव बोले- इरादे मजबूत हों तो बड़े लक्ष्य भी छोटे पड़ जाते हैं…

पति समर्थ सिंह पहले से CBI रिमांड में

इस मामले में ट्विशा के पति समर्थ सिंह को पहले ही CBI ने गिरफ्तार कर लिया था। अदालत में पेश करने के बाद कोर्ट ने उसे 29 मई तक CBI रिमांड पर भेज दिया है। एजेंसी लगातार उससे पूछताछ कर रही है। CBI यह जानने की कोशिश कर रही है कि 12 मई की रात आखिर क्या हुआ था और ट्विशा की मौत किन परिस्थितियों में हुई।

12 मई की रात हुई थी संदिग्ध मौत

12 मई की रात भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में ट्विशा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। ससुराल पक्ष इस घटना को आत्महत्या बता रहा है, जबकि ट्विशा के मायके वालों ने पति और ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। मामले ने पूरे प्रदेश में काफी चर्चा बटोरी थी और इसके बाद जांच CBI को सौंप दी गई थी।

AIIMS की टीम ने किया दोबारा पोस्टमॉर्टम

24 मई को भोपाल AIIMS में दिल्ली AIIMS की विशेषज्ञ टीम ने ट्विशा शर्मा के शव का दोबारा पोस्टमॉर्टम किया था। इस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट को जांच में बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पोस्टमॉर्टम के बाद शाम को भदभदा श्मशान घाट में ट्विशा का अंतिम संस्कार किया गया। उनके भाई मेजर हर्षित ने उन्हें मुखाग्नि दी थी। अंतिम संस्कार के दौरान परिवार और रिश्तेदारों में भारी भावुक माहौल देखा गया।

Pandit Dhirendra Shastri : गाय के लिए बदल रही देश की सोच! धीरेंद्र शास्त्री बोले- गौभक्षक भी कर रहे राष्ट्र माता बनाने की मांग

मामले पर पूरे प्रदेश की नजर

ट्विशा शर्मा मौत मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। एक रिटायर्ड जज परिवार से जुड़े होने और CBI जांच के कारण इस केस पर पूरे प्रदेश की नजर बनी हुई है। अब सभी की निगाहें CBI की आगे की जांच और कोर्ट की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *