President Jabalpur Visit : जबलपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु शनिवार को दो दिवसीय प्रवास पर मध्य प्रदेश के जबलपुर पहुंचेंगी। वे शाम 6:10 बजे भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से डुमना एयरपोर्ट पहुंचेंगी। एयरपोर्ट पर राज्यपाल मंगूभाई पटेल उनकी अगवानी करेंगे। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार समेत प्रशासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शनिवार रात जबलपुर पहुंचेंगे। राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए पूरे शहर में सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है।
सुरक्षा व्यवस्था के लिए 3000 से अधिक जवान तैनात
राष्ट्रपति के आगमन को लेकर जबलपुर में सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं। डुमना एयरपोर्ट से लेकर सर्किट हाउस, गैरिसन ग्राउंड और रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय तक पूरे वीवीआईपी रूट पर पुलिस बल की विशेष तैनाती की गई है। करीब 3000 से अधिक जवान सुरक्षा व्यवस्था में लगाए गए हैं।
राष्ट्रपति शनिवार रात सर्किट हाउस क्रमांक-1 में विश्राम करेंगी। प्रशासन ने सभी संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी है और सुरक्षा एजेंसियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में होंगी शामिल
रविवार सुबह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। वे सुबह गैरिसन ग्राउंड पहुंचकर सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में भाग लेंगी।
इस आयोजन का उद्देश्य लोगों को योग के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश देना है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिक, विद्यार्थी और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल होंगे। योग दिवस समारोह के लिए भी विशेष सुरक्षा और यातायात व्यवस्था लागू की गई है।
रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में करेंगी शिरकत
योग दिवस कार्यक्रम के बाद राष्ट्रपति रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय पहुंचेंगी, जहां वे विश्वविद्यालय के 36वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। समारोह के दौरान विभिन्न संकायों के विद्यार्थियों को उपाधियां और स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे।
हालांकि दीक्षांत समारोह पहले से विवादों में भी है। कुछ शोधार्थियों और स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों ने मंच पर सम्मान नहीं मिलने को लेकर अपनी नाराजगी व्यक्त की है। इसके बावजूद विश्वविद्यालय प्रशासन समारोह को सफल बनाने की तैयारियों में जुटा हुआ है।
री-नीट परीक्षा और VVIP कार्यक्रम से प्रशासन पर दोहरी जिम्मेदारी
रविवार को जबलपुर प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती राष्ट्रपति और मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों के साथ-साथ री-नीट परीक्षा का सफल आयोजन कराना होगी। जिले में परीक्षा के लिए 23 केंद्र बनाए गए हैं, जहां 10 हजार से अधिक छात्र परीक्षा देंगे।
प्रशासन ने छात्रों की सुविधा के लिए विशेष बस सेवा शुरू की है, जो पेंटीनाका चौक से विभिन्न परीक्षा केंद्रों तक संचालित होगी। परीक्षार्थियों के परिजनों के लिए अस्थायी शेड, पेयजल, कूलर, पंखे और नाश्ते की व्यवस्था भी की गई है। किसी भी यातायात समस्या के लिए हेल्पलाइन नंबर 7049158826 जारी किया गया है।
15 किलोमीटर क्षेत्र को घोषित किया नो फ्लाई जोन
राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए डुमना एयरपोर्ट, सर्किट हाउस, गैरिसन ग्राउंड, रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय और पूरे वीवीआईपी रूट के 15 किलोमीटर क्षेत्र को नो फ्लाई जोन घोषित किया गया है। इस अवधि में ड्रोन, यूएवी, पैराग्लाइडिंग, हॉट एयर बैलून, पतंग और अन्य उड़ने वाली वस्तुओं के संचालन पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। राष्ट्रपति के दौरे, योग दिवस, दीक्षांत समारोह और री-नीट परीक्षा को देखते हुए रविवार को जबलपुर पूरी तरह हाई अलर्ट मोड में रहेगा।