Sandipani School MP: मध्य प्रदेश में जल्द ही 70 नए सांदीपनि विद्यालय छात्रों के लिए शुरू होने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने निर्देश दिए हैं कि 15 जुलाई तक सभी विद्यालयों का लोकार्पण किया जाए। साथ ही 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर हर जिले में AI आधारित विज्ञान प्रदर्शनी आयोजित करने का भी फैसला लिया गया है।
15 जुलाई तक खुलेंगे 70 सांदीपनि विद्यालय
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्रालय में समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश में तैयार हो चुके सभी 70 सांदीपनि विद्यालयों का लोकार्पण 15 जुलाई तक कराया जाए। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम केवल उद्घाटन तक सीमित न रहे, बल्कि इसे शिक्षा और जनभागीदारी के उत्सव के रूप में आयोजित किया जाए।
स्कूल चलें अभियान के तहत होंगे विशेष कार्यक्रम
लोकार्पण के दौरान स्कूलों में सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद प्रतियोगिताएं और अन्य रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। विद्यार्थियों को नाश्ता और मिठाई भी वितरित की जाएगी। जिन विद्यालयों का उद्घाटन पहले हो चुका है, वहां प्रवेशोत्सव को भी उत्साह के साथ मनाने के निर्देश दिए गए हैं।
गुरु पूर्णिमा पर AI आधारित विज्ञान प्रदर्शनी
मुख्यमंत्री ने 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर प्रदेश के हर जिले के एक सांदीपनि विद्यालय में विज्ञान प्रदर्शनी लगाने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित मॉडल और डिजिटल प्रस्तुतियां दिखाई जाएंगी। साथ ही उत्कृष्ट शिक्षकों और मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान भी किया जाएगा।
46 स्कूल शिक्षा विभाग, 24 जनजातीय विभाग के
समीक्षा बैठक में जानकारी दी गई कि तैयार हुए 70 सांदीपनि विद्यालयों में 46 स्कूल शिक्षा विभाग और 24 जनजातीय कार्य विभाग के हैं। सभी विद्यालयों को आधुनिक सुविधाओं और बेहतर शिक्षण व्यवस्था से लैस किया गया है।
प्रभारी मंत्री और जनप्रतिनिधि करेंगे लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि सभी विद्यालयों का उद्घाटन संबंधित जिलों के प्रभारी मंत्रियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में कराया जाए। साथ ही अधिकारियों से कहा गया है कि इन विद्यालयों को आधुनिक शिक्षा और संस्कारयुक्त माहौल वाले आदर्श शिक्षण संस्थानों के रूप में विकसित किया जाए।