Pune Ketan Murder Case : पुणे। महाराष्ट्र के पुणे से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने इंदौर के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड की याद ताजा कर दी है। यहां 26 वर्षीय रियल एस्टेट कारोबारी केतन विशाल अग्रवाल की कथित तौर पर उनकी मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी ने मिलकर हत्या कर दी। पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों ने सुनियोजित तरीके से इस वारदात को अंजाम दिया। केतन और सिया की शादी इसी साल नवंबर में होने वाली थी और इसकी तैयारियां भी शुरू हो चुकी थीं।
नवंबर में होनी थी भव्य शादी
जानकारी के अनुसार केतन अग्रवाल पुणे के जाने-माने रियल एस्टेट कारोबारी विशाल अग्रवाल के बेटे थे। परिवार ने शादी को लेकर बड़े स्तर पर तैयारियां की थीं। राजस्थान में करीब 17 करोड़ रुपये का एक पैलेस बुक किया गया था।
मेहमानों के लिए दो चार्टर्ड विमान तक तय किए गए थे। हालांकि पुलिस जांच में पता चला कि सिया इस शादी से खुश नहीं थी और वह चेतन चौधरी के साथ प्रेम संबंध में थी। इसी वजह से उसने कथित तौर पर अपने प्रेमी के साथ मिलकर केतन को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
लोहगढ़ किले में रची गई हत्या की साजिश
पुणे ग्रामीण पुलिस के अनुसार 18 जून को सिया ने अपने प्री-बर्थडे सेलिब्रेशन का बहाना बनाकर केतन को लोहगढ़ किले पर बुलाया। पुलिस का दावा है कि चेतन पहले से वहां मौजूद था। दोनों ने मिलकर केतन को करीब 400 फीट गहरी खाई में धक्का दे दिया।
शुरुआती जानकारी में सिया ने दावा किया था कि फोटो खिंचवाते समय केतन का संतुलन बिगड़ गया और वह खाई में गिर गया। पुलिस ने पहले इसे दुर्घटना मानकर मामला दर्ज किया था।

परिवार के शक ने खोला पूरा राज
केतन के परिवार को शुरू से ही इस कहानी पर संदेह था। परिवार का कहना था कि केतन एक अनुभवी ट्रैकर थे और इतनी आसानी से फिसलना संभव नहीं था। इसके बाद पुलिस ने मामले की गहराई से जांच शुरू की।
MP Poster War : राम मंदिर दान विवाद पर भोपाल में पोस्टर वॉर, कांग्रेस ने भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप
जांच के दौरान सिया के मोबाइल फोन, सोशल मीडिया चैट और कॉल रिकॉर्ड की पड़ताल की गई। इसी जांच में चेतन चौधरी का नाम सामने आया और पूरे मामले का खुलासा हो गया।
2004 कॉल और 238 घंटे की बातचीत बनी सबूत
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि सिया और चेतन के बीच 1 जनवरी से 18 जून के बीच 2004 फोन कॉल हुए थे। दोनों ने कुल 238 घंटे तक बातचीत की थी। कॉल रिकॉर्ड और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्य हत्या की साजिश की ओर स्पष्ट संकेत देते हैं और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
MP UCC पर बड़ा मंथन : आदिवासी विवाह पंजीयन हो सकता है अनिवार्य, कमेटी के सामने आए 4 अहम सुझाव
सोशल मीडिया पोस्ट से भटकाने की कोशिश
वारदात के बाद सिया ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट भी साझा की थी। उसने लिखा था कि “केतन, तुम मुझे मेरे जन्मदिन पर अकेला छोड़ गए, वापस आ जाओ।” पुलिस का मानना है कि यह पोस्ट लोगों और जांच एजेंसियों को गुमराह करने की कोशिश का हिस्सा हो सकती है। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।