PM Modi Australia Visit: भारत और ऑस्ट्रेलिया ने रक्षा और सुरक्षा सहयोग को नई मजबूती देने का फैसला किया है। दोनों देशों ने संयुक्त घोषणा जारी कर रक्षा, समुद्री सुरक्षा, सैन्य अभ्यास, रक्षा उद्योग और आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई है। साथ ही हिंद-प्रशांत क्षेत्र को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और समृद्ध बनाए रखने की अपनी साझा प्रतिबद्धता भी दोहराई है।
रक्षा सहयोग को मिलेगा नया विस्तार
भारत और ऑस्ट्रेलिया ने साझा सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए रक्षा सहयोग को और मजबूत करने का फैसला किया है। दोनों देश हिंद-प्रशांत क्षेत्र से जुड़े रक्षा मामलों पर नियमित चर्चा करेंगे और आपसी समन्वय को पहले से अधिक मजबूत बनाएंगे।
सैन्य अभ्यास और प्रशिक्षण में बढ़ेगा तालमेल
संयुक्त घोषणा के तहत दोनों देशों ने सैन्य अभ्यासों का दायरा बढ़ाने पर सहमति जताई है। साथ ही सैन्य अधिकारियों और जवानों के प्रशिक्षण, सूचना साझा करने, संयुक्त अभ्यास और सैन्य विमानों की पारस्परिक तैनाती को भी बढ़ावा दिया जाएगा। रक्षा क्षेत्र में कुशल मानव संसाधन तैयार करने के लिए भी दोनों देश मिलकर काम करेंगे।
समुद्री सुरक्षा के लिए बनेगा नया रोडमैप
भारत और ऑस्ट्रेलिया ने माना कि हिंद-प्रशांत क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा दोनों देशों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इसी को ध्यान में रखते हुए दोनों देश भारत-ऑस्ट्रेलिया मैरिटाइम सिक्योरिटी कोलैबोरेशन रोडमैप तैयार करेंगे, जिससे समुद्री सहयोग और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके।
Weather Today : महाराष्ट्र-गुजरात में बाढ़ जैसे हालात! दिल्ली-NCR और मप्र में भारी बारिश का अलर्ट
रक्षा उद्योग और नई तकनीक पर रहेगा फोकस
दोनों देशों ने रक्षा उद्योगों के बीच साझेदारी बढ़ाने, रक्षा सप्लाई चेन को मजबूत बनाने और आधुनिक रक्षा तकनीकों के विकास पर मिलकर काम करने का फैसला किया है। साथ ही रक्षा नवाचार और उन्नत रक्षा विज्ञान के क्षेत्र में भी सहयोग को नई गति देने पर सहमति बनी है।
हिंद-प्रशांत में शांति और स्थिरता पर साझा जोर
भारत और ऑस्ट्रेलिया ने क्षेत्र में बढ़ती भू-राजनीतिक चुनौतियों पर चिंता जताते हुए कहा कि सभी देशों को अंतरराष्ट्रीय कानून का सम्मान करते हुए विवादों का शांतिपूर्ण समाधान निकालना चाहिए। दोनों देशों ने नियम-आधारित व्यवस्था, समुद्री मार्गों की स्वतंत्रता और क्षेत्रीय अखंडता के सम्मान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराई।