Neemuch Solar Park : भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज नीमच जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे प्रदेश की दो बड़ी सौर ऊर्जा परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। इनमें नीमच का 500 मेगावॉट और शाजापुर का 450 मेगावॉट क्षमता वाला सोलर पार्क शामिल है। इन दोनों परियोजनाओं के शुरू होने से प्रदेश में स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन को नई गति मिलेगी। कार्यक्रम में केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रल्हाद जोशी और प्रदेश के नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला भी मौजूद रहेंगे।
1553 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कार्यक्रम के दौरान 1553.98 करोड़ रुपये की औद्योगिक इकाइयों और विभिन्न विकास कार्यों का भूमि-पूजन एवं लोकार्पण भी करेंगे। इन परियोजनाओं से औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर बनने की उम्मीद है।
सरकार का कहना है कि इन योजनाओं का उद्देश्य प्रदेश में निवेश बढ़ाना, आधारभूत सुविधाओं का विस्तार करना और आर्थिक गतिविधियों को मजबूत बनाना है। इससे क्षेत्रीय विकास को भी नई दिशा मिलेगी।
मुख्यमंत्री का पूरा दिन रहेगा व्यस्त
मुख्यमंत्री दोपहर 12.15 बजे भोपाल से नीमच के लिए रवाना होंगे। वहां आयोजित मुख्य कार्यक्रम में भाग लेने के बाद वे केंद्रीय मंत्री के साथ सोलर पार्कों के उद्घाटन और विकास कार्यों के लोकार्पण में शामिल होंगे। दोपहर 3.20 बजे मुख्यमंत्री नीमच स्थित सोलर पार्क का हवाई सर्वेक्षण करेंगे।
इसके बाद शाम 4.20 बजे मजिरिया रामपुरा में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत बनाए गए अमृत सरोवर का निरीक्षण करेंगे। शाम 4.40 बजे वे ग्रीनको परियोजना स्थल का दौरा करेंगे।
भोपाल लौटकर पीपीए कार्यक्रम में होंगे शामिल
नीमच दौरे के बाद मुख्यमंत्री शाम 5.20 बजे ग्रीनको साइट से भोपाल के लिए रवाना होंगे। शाम 6.10 बजे वे भोपाल के एक निजी होटल में आयोजित पीपीए (पावर परचेज एग्रीमेंट) हस्ताक्षर कार्यक्रम में शामिल होंगे।
इस कार्यक्रम को प्रदेश में ऊर्जा क्षेत्र के विस्तार और भविष्य की नई निवेश योजनाओं के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सरकार का लक्ष्य नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन को बढ़ाकर मध्य प्रदेश को स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में अग्रणी राज्यों की श्रेणी में स्थापित करना है।