Make in MP: मध्य प्रदेश का पीथमपुर तेजी से देश के बड़े औद्योगिक केंद्र के रूप में उभर रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने धार जिले में लिउगोंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के 272 करोड़ रुपये की लागत से बने नए विनिर्माण संयंत्र का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि पीथमपुर अब ‘मेक इन इंडिया-मेक इन एमपी’ अभियान का प्रमुख केंद्र बन चुका है और यहां उद्योगों के विस्तार से हजारों युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार हो रहे हैं।
पीथमपुर बना निवेशकों की पहली पसंद
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्य प्रदेश निवेश के लिए देश के सबसे भरोसेमंद राज्यों में शामिल हो गया है। सरकार उद्योगों के लिए बेहतर माहौल तैयार कर रही है और ग्रीन इंडस्ट्री, इलेक्ट्रिक व्हीकल, ऑटोमोबाइल, इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स, टेक्नोलॉजी और फार्मा जैसे क्षेत्रों में तेजी से निवेश बढ़ रहा है।
272 करोड़ के निवेश से बढ़ेगी उत्पादन क्षमता
लिउगोंग इंडिया ने अपनी मौजूदा इकाई का 272 करोड़ रुपये के निवेश से विस्तार किया है। इससे कंपनी की सालाना उत्पादन क्षमता 3,250 मशीनों से बढ़कर 7,500 मशीनों तक पहुंच जाएगी। नई यूनिट में शुरुआती चरण में हर साल करीब 6,500 निर्माण उपकरण, खासकर एक्सकेवेटर का निर्माण किया जाएगा।
5 हजार से ज्यादा युवाओं को मिलेगा रोजगार
इस विस्तार से करीब 600 लोगों को प्रत्यक्ष और 5 हजार से अधिक लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। साथ ही कंपनी में भारतीय कंपोनेंट्स का उपयोग 40 प्रतिशत से बढ़कर 60 प्रतिशत हो जाएगा, जिससे प्रदेश के एमएसएमई और ऑटो कंपोनेंट उद्योगों को भी बड़ा फायदा मिलेगा।
लगातार बढ़ रहा प्रदेश में निवेश
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले दो वर्षों में मध्य प्रदेश में लगभग 10 हजार करोड़ रुपये का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) आया है। वहीं वर्ष 2026 के पहले छह महीनों में 76,862 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं, जिनसे 82 हजार से ज्यादा रोजगार के अवसर बनने की संभावना है। इसी दौरान 166 नई औद्योगिक इकाइयों को भूमि आवंटित की गई है।
ऑटो हब से ग्लोबल एक्सपोर्ट सेंटर की ओर बढ़ रहा पीथमपुर
मुख्यमंत्री ने कहा कि पीथमपुर आज देश के प्रमुख ऑटो पार्ट्स और इंजीनियरिंग हब में शामिल है। यहां अब तक करीब डेढ़ लाख करोड़ रुपये का निवेश हो चुका है और लाखों लोगों को रोजगार मिल रहा है। पीएम मित्र टेक्सटाइल पार्क और नई औद्योगिक परियोजनाएं पीथमपुर को वैश्विक मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपोर्ट हब बनाने में अहम भूमिका निभाएंगी।
कृषि क्षेत्र को भी मिलेगा फायदा
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने किसान इरिगेशन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड की चौथी विनिर्माण इकाई का भी लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक सिंचाई उपकरणों का उत्पादन बढ़ने से जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और किसानों की उत्पादकता में भी सुधार होगा। साथ ही उद्योगों के विस्तार से प्रदेश की अर्थव्यवस्था और रोजगार दोनों को नई गति मिलेगी।