Delhi Terror Network : नई दिल्ली। दिल्ली सुरक्षा एजेंसियों ने देश की राजधानी में एक बहुत बड़ी आतंकी साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़े आतंकी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए 9 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस पूरे नेटवर्क के तार पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI और अंतरराष्ट्रीय अंडरवर्ल्ड से जुड़े हुए हैं। सुरक्षा बलों के लिए इसे हाल के दिनों की सबसे बड़ी कामयाबी माना जा रही है।
विदेशी हैंडलर्स के इशारे पर हो रहा था काम
पकड़े गए सभी आरोपी देश के बाहर बैठे अपने आकाओं के लगातार संपर्क में थे और उनके निर्देशों पर ही काम कर रहे थे। जांच एजेंसियों के मुताबिक, इस नेटवर्क का एक हिस्सा पूरी तरह से अंडरवर्ल्ड के इशारे पर सक्रिय था, वहीं दूसरे हिस्से को सीधे पाकिस्तान से ऑपरेट किया जा रहा था।
चार राज्यों में एक साथ छापेमारी
इस बड़े ऑपरेशन को अंजाम देने के लिए दिल्ली, मुंबई, राजस्थान और पंजाब में सुरक्षा एजेंसियों ने एक साथ संयुक्त रूप से छापेमारी की, जिसके बाद इन 9 संदिग्धों को दबोचा गया। आरोपियों के पास से विदेशी हथियार, हैंड ग्रेनेड और भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री मिली है। एजेंसियों को अंदेशा है कि हथियारों और बारूद का यह जखीरा सीमा पार से भारत भेजा गया था।
हवाई अड्डे और रेलवे स्टेशन थे आतंकियों के निशाने पर
पूछताछ में पता चला है कि यह पूरा नेटवर्क देश के सबसे महत्वपूर्ण और संवेदनशील ठिकानों को दहलाने की बड़ी तैयारी में था। आतंकियों के निशाने पर मुख्य रूप से हवाई अड्डे (एयरपोर्ट), बड़े रेलवे स्टेशन और बिजलीघर (ऊर्जा संयंत्र) शामिल थे। इसके साथ ही सुरक्षा बलों के ठिकानों पर भी हमले की योजना बनाई जा रही थी।
फंडिंग और अंतरराष्ट्रीय संपर्कों की जांच शुरू
फिलहाल सभी सुरक्षा एजेंसियां इस मॉड्यूल की फंडिंग, हथियारों की सप्लाई लाइन और उनके अंतरराष्ट्रीय संपर्कों को खंगालने में जुटी हैं। यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या इस गिरोह से जुड़े कुछ और लोग देश के दूसरे राज्यों में छिपे हुए हैं। मामले से जुड़ी बाकी जानकारियों का बड़ा खुलासा स्पेशल सेल के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा जल्द ही किया जा सकता है।