CM Big Announcement: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 1 जुलाई को सिवनी में आयोजित धान महोत्सव में शामिल होंगे। इस दौरान वे प्रदेश के 3941 कोदो और कुटकी उत्पादक किसानों के बैंक खातों में सिंगल क्लिक के जरिए 2 करोड़ 82 लाख 99 हजार 300 रुपये की प्रोत्साहन राशि जारी करेंगे। साथ ही कई विकास कार्यों का लोकार्पण, भूमिपूजन और हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ भी देंगे।
किसानों के खातों में पहुंचेगी प्रोत्साहन राशि
धान महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेशभर के 3941 किसानों के खातों में 2.82 करोड़ रुपये से अधिक की राशि भेजेंगे। यह प्रोत्साहन 1000 रुपये प्रति क्विंटल की दर से कोदो और कुटकी उत्पादकों को दिया जाएगा। सरकार का उद्देश्य श्रीअन्न (मिलेट्स) की खेती को बढ़ावा देना और किसानों की आय में वृद्धि करना है।
Bharat Encounter Case : CBI जांच की याचिका पर सुनवाई से सुप्रीम कोर्ट का इनकार, HC जाने की दी छूट
विकास कार्यों की भी मिलेगी सौगात
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री जिले की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। इसके अलावा अलग-अलग हितग्राही योजनाओं के लाभार्थियों को हितलाभ का वितरण भी किया जाएगा। इससे जिले में विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है।
प्रदर्शनी में दिखेगी आधुनिक खेती की झलक
धान महोत्सव में कृषि और ग्रामीण विकास से जुड़ी विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। यहां धान की बुवाई में उपयोग होने वाले कृषि यंत्र, प्राकृतिक खेती के मॉडल, जीआई टैग प्राप्त उत्पाद, मिलेट्स, आम की विभिन्न किस्में, स्वयं सहायता समूहों के हस्तशिल्प, लघु वनोपज, पोषण आहार और स्थानीय उद्यमियों के उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे। किसानों को ‘कृषिका ऐप’ की जानकारी भी दी जाएगी।
CM के दौरे को लेकर तैयारियां पूरी
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां अंतिम चरण में पहुंचा दी हैं। कलेक्टर नेहा मीना ने कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड, सेफ हाउस और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने मंच, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा, पार्किंग, पेयजल, बिजली और यातायात सहित सभी व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।
श्रीअन्न को बढ़ावा देने की पहल
सरकार का मानना है कि कोदो, कुटकी जैसे श्रीअन्न पोषक तत्वों से भरपूर होने के साथ कम पानी में भी उगाए जा सकते हैं। ऐसे में इन फसलों को बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहन राशि और अन्य योजनाओं के माध्यम से किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का प्रयास किया जा रहा है।