Chhindwara Accident Update : मध्य प्रदेश। छिंदवाड़ा-बैतूल नेशनल हाईवे पर सोमवार को हुए दर्दनाक हादसे में पांच मजदूरों की मौत हो गई है। इसके अलावा 20 मजदूर घायल बताये जा रहे हैं। इस हादसे में मृतकों के लिए सीएम मोहन यादव ने मुआवजे का ऐलान किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपए की सहायता राशि देने का ऐलान किया है। इसके साथ ही गंभीर घायलों और घायलों को भी आर्थिक सहायता देने की बात कही है।
क्या बोले सीएम मोहन यादव
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोमवार को अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से पोस्ट साझा की है। इसमें उन्होंने लिखा कि, छिंदवाड़ा-बैतूल राष्ट्रीय राजमार्ग पर टेमनी खुर्द के समीप हुई सड़क दुर्घटना अत्यंत दुखद है। मेरी संवेदनाएं प्रभावित परिजनों के साथ हैं। मृतकों के परिवारजनों को 4-4 लाख रुपये, गंभीर घायलों को 1-1 लाख रुपये एवं घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। आगे उन्होंने लिखा कि, बाबा महाकाल दिवंगतों को शांति व शोकाकुल परिजनों को दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।
ये है पूरा म,मामला
दरअसल, छिंदवाड़ा-बैतूल नेशनल हाईवे पर सोमवार को मजदूरों से भरे एक पिकअप वाहन की सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. सुशील दुबे ने हादसे में पांच मजदूरों की मौत की पुष्टि की है। मृतकों में तीन महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं।
अधिकारियों के अनुसार, मृतकों में एक व्यक्ति की पहचान मछेरा गांव निवासी के रूप में हुई है, जबकि अन्य चार मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। प्रशासन परिजनों से संपर्क कर मृतकों की शिनाख्त कराने में जुटा हुआ है।
20 घायल मजदूरों का अस्पताल में इलाज जारी
हादसे में करीब 20 मजदूर घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए छिंदवाड़ा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की टीम लगातार घायलों की निगरानी कर रही है। कई घायलों को गंभीर चोटें आई हैं, जिसके चलते उनका विशेष उपचार किया जा रहा है। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि घायलों को हर संभव चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
Bhopal UCC Meeting : UCC ड्राफ्टिंग कमेटी की अहम बैठक आज, धर्मगुरु- राजनीतिक दल और अफसर देंगे राय
गंभीर घायलों की हालत पर नजर
अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, तीन घायलों का ऑपरेशन जारी है। वहीं एक गंभीर रूप से घायल मरीज की स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए नागपुर रेफर किया जा रहा है।
