Bhopal E-Bus Service: भोपाल और आसपास के इलाकों में सफर करने वाले लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। 15 जुलाई से शहर में 20 नई इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू होने जा रहा है। ये बसें 10 अलग-अलग रूटों पर चलेंगी और मंडीदीप, सीहोर व औबेदुल्लागंज तक जाएंगी। खास बात यह है कि यात्रियों को सिर्फ 2 रुपये से सफर की सुविधा मिलेगी।
India-Japan Summit: गार्ड ऑफ ऑनर से हुआ स्वागत, PM मोदी-ताकाइची की बैठक में होंगे कई बड़े फैसले!
15 जुलाई से शुरू होगी नई सेवा
भोपाल में 4 जुलाई तक सभी नई ई-बसें पहुंच जाएंगी, जिसके बाद 15 जुलाई से उनका संचालन शुरू कर दिया जाएगा। इन बसों के शुरू होने से रोजाना हजारों यात्रियों को बेहतर और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन मिलेगा। नगर निगम क्षेत्र के बाहर भी इनका संचालन किया जाएगा।
सिर्फ 2 रुपये से शुरू होगा किराया
नई ई-बसों में 1.5 किलोमीटर तक का सफर केवल 2 रुपये में किया जा सकेगा। कम किराए के साथ यात्रियों को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बसों की सुविधा मिलेगी। सरकार का लक्ष्य इस साल के अंत तक 100 और अगले साल तक कुल 140 ई-बसों का बेड़ा तैयार करना है।
‘चलो’ ऐप से मिलेगी स्मार्ट सुविधा
यात्री ‘चलो’ ऐप के जरिए टिकट बुक कर सकेंगे और बस की लाइव लोकेशन भी देख पाएंगे। इससे बस स्टॉप पर लंबे इंतजार से राहत मिलेगी और सफर पहले से ज्यादा आसान होगा।
इन रूटों पर दौड़ेंगी नई ई-बसें
नई बसें परवलिया सड़क-औबेदुल्लागंज, सीहोर-कटारा बायपास, अटल बिहारी हिंदी विश्वविद्यालय-बगरोदा, सूखी सेवनिया-भोजपुर, अचारपुरा-बिलकिसगंज, निशातपुरा कोच फैक्ट्री-औबेदुल्लागंज, फंदा-मंडीदीप और बिलखिरिया-सीहोर समेत कुल 10 रूटों पर चलाई जाएंगी। इससे शहर के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों के लोगों को भी सीधा लाभ मिलेगा।
सबसे लंबे और छोटे रूट की भी होगी सुविधा
सबसे लंबा रूट सीहोर से रातापानी तक करीब 68.5 किलोमीटर का होगा, जबकि सबसे छोटा रूट अचारपुरा इंडस्ट्रियल एरिया से बीडीए कॉलोनी तक करीब 32 किलोमीटर लंबा रहेगा। इन रूटों पर चलने वाली ई-बसें शहर और आसपास के क्षेत्रों की कनेक्टिविटी को और बेहतर बनाएंगी।