1 September Rules: सितंबर शुरू होते ही महंगाई की मार! गैस सिलिंडर से लेकर दूध तक जानें क्या हुआ महंगा और क्या सस्ता
1 September Rules: आज से सितंबर महीने की शुरुआत हो रही है और इसी के साथ कई सारे बदलाव भी लागू हो रहे हैं, जो सीधा आपकी जेब पर असर डालेंगे. आइए जानते हैं उन बदलावों के बारे में.
1 September Rules: आज सितंबर महीने का पहला दिन है और आज के दिन आम लोगों की जेब और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े कई बदलाव देखने को मिल सकते हैं. इनमें एलपीजी सिलेंडर की कीमत, गैस कनेक्शन की ई-केवाईसी, कारों की कीमत और इंटरनेशनल एयर ट्रैवल से जुड़े नियम शामिल हैं. इसके अलावा टैक्स और बैंकिंग से जुड़े कुछ जरूरी बदलाव भी हो रहे हैं, जो लोगों के लिए जानना जरूरी हैं।
LPG e-KYC की डेडलाइन खत्म
एलपीजी कनेक्शन की ई-केवाईसी कराने की अंतिम तारीख 31 अगस्त थी, जो अब बीत चुकी है. आपने अगर अपने घरेलू रसोई गैस कनेक्शन की ई-केवाईसी (e-KYC) नहीं कराई है, तो आपकी मुश्किलें बढ़ सकती हैं. जिन उपभोक्ताओं ने यह प्रोसेस पूरा नहीं किया है, उन्हें आगे गैस सिलेंडर की बुकिंग कराने और बैंक खाते में सब्सिडी हासिल करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
LPG सिलेंडर के दाम में बदलाव
तेल मार्केटिंग कंपनियों ने 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में 9.50 रुपये की बढ़ोतरी कर दी है. दिल्ली में अब 19 किलो वाले सिलेंडर के दाम 2747.50 रुपये का हो गया है. कल तक इसकी कीमत 2,738 रुपये थी। राहत की बात ये है कि तेल कंपनियों ने घरेलू गैस सिलेंडर के दाम नहीं बढ़ाए हैं।
दूध के दाम में भी बढ़ोतरी
मुंबई में 1 सितंबर से पैकेट वाले दूध की कीमत नहीं, बल्कि तबेले से मिलने वाला दूध महंगा हुआ है. इसकी कीमत में 9 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी हुई है. इसके बाद 93 रुपये प्रति लीटर मिलने वाला दूध अब 102 रुपये प्रति लीटर हो गया है. दूध कारोबारियों के मुताबिक, पशुओं की लागत, चारे और दूसरे खर्च बढ़ने की वजह से यह कीमत बढ़ाई गई है।
मुंबई में ऑटो-टैक्सी का सफर महंगा
आज से मुबंई में ही ऑटो का किराया 1 रुपया और टैक्सी का किराया 2 रुपया बढ़ गया है. 1 सितंबर से ऑटो- टैक्सी से यात्रा करने वालों के भी ज्यादा पैसे खर्च होंगे।
मुंबई में CNG और PNG के दाम में उछाल
मुंबई में CNG और PNG की सप्लाई करने वाली कंपनी महानगर गैस लिमिटेड (MGL) ने दोनों गैसों के दाम बढ़ा दिए हैं। सीएनजी के दाम में 2 रुपये प्रति किलो और पीएनजी के दाम में 1 रुपया प्रति SCM की बढ़ोतरी की है। इस बढ़ोतरी के बाद सीएनजी की रेट 88 रुपये प्रति किलो और पीएनजी का रेट 53 रुपये प्रति एससीएम हो गया है। सीएनजी के महंगे होने से लोगों का सफर महंगा हो सकता है। वहीं पीएनजी के महंगे होने से इसका असर घर के बजट पर दिखाई देगा।
अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए बड़ी राहत
विदेश जाने वाले यात्रियों के लिए एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन की प्रकिया अब आसान होने वाली है. आज 1 सितंबर से अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को इमिग्रेशन क्लीयरेंस के दौरान अपने बोर्डिंग पास पर स्टांप यानी मुहर लगवाने की जरूरत नहीं होगी. ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन ने प्रोसेस को तेज और सुविधाजनक बनाने के ये बदलाव किया है. अब एयर पैसेंजर्स अपने मोबाइल फोन में ही इलेक्ट्रॉनिक बोर्डिंग पास या फिर उसकी प्रिंटेड कॉपी दिखा सकते हैं।
ATF हुआ महंगा, हवाई सफर पर दिखेगा असर
1 सितंबर से हवाई जहाज में इस्तेमाल होने वाला एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) भी महंगा हो गया है। इसे जेट फ्यूल भी कहा जाता है। घरेलू उड़ानों के लिए जेट फ्यूल में 6.28 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि हुई है। अब यह 115 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 121.28 रुपये प्रति लीटर हो गया है। इसका असर यात्रियों पर भी दिखाई दे सकता है। एयरलाइंस टिकट की कीमत बढ़ा सकती हैं।
ITR डेडलाइन खत्म, आज से लगेगा जुर्माना
असेसमेंट ईयर 2026-27 के लिए ऐसे टैक्सपेयर्स, जिनके अकाउंट्स टैक्स ऑडिट के दायरे में नहीं आते हैं, उनके लिए आईटीआर फाइलिंग की आखिरी तारीख 31 अगस्त थी. जिन लोगों ने अब तक अपना रिटर्न फाइल नहीं किया है, उन्हें 1 सितंबर तक अतिरिक्त समय मिलने की उम्मीद नहीं करनी चाहिए।
डेडलाइन के बाद भी नियमों के तहत आईटीआर फाइल किया जा सकता है, लेकिन लेट फाइलिंग फीस देनी पड़ सकती है. कुल इनकम 5 लाख रुपये तक होने पर लेट फीस 1,000 रुपये और इससे अधिक इनकम पर 5,000 रुपये तक लेट फीस लग सकती है. वहीं, टैक्स ऑडिट के दायरे में आने वाले टैक्सपेयर्स के लिए आईटीआर फाइलिंग की डेडलाइन 31 अक्टूबर 2026 बताई गई है।
गोल्ड-सिल्वर ETF में क्या बदला?
SEBI ने गोल्ड और सिल्वर ETF कारोबार से जुड़े नए नियम भी 1 सितंबर से लागू कर दिए हैं. नए नियम के मुताबिक, ETF की कीमत की सीमा तय करने के लिए पिछले कारोबारी दिन के आखिरी 30 मिनट की ट्रेडिंग वॉल्यूम की औसत कीमत को आधार बनाया जाएगा. इसका मकसद ETF की कीमत को बाजार की ताजा स्थिति के ज्यादा करीब रखना है. ऐसे में गोल्ड और सिल्वर ETF में निवेश करने वाले लोगों के लिए इस बदलाव को समझना जरूरी हो सकता है।
टाटा - हुंडई की कारें महंगी
सितंबर महीने में अगर आप कार खरीदने का प्लान बना रहे हैं तो आपका बजट पहले की तुलना में बढ़ने वाला है. आज 1 सितंबर 2026 से टाटा और हुंडई की कारें महंगी होने वाली है. कंपनी की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, टाटा मोटर्स ने अपनी सभी वैरिएंट की कारों और एसयूवी की कीमतें 25 हजार रुपये तक बढ़ाने वाली है. वहीं हुंडई ने भी कारें महंगी होने का ऐलान किया है।
