MP Student News: MP के 1.22 लाख छात्रों को बड़ा तोहफा, 1 सितंबर को खातों में आएंगे 25-25 हजार रुपए
MP Student News: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों के खातों में करीब 304.98 करोड़ रुपये ट्रांसफर करेंगे।

MP Student News: मध्य प्रदेश के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सरकार 1 सितंबर को 12वीं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले 1 लाख 22 हजार से अधिक विद्यार्थियों के बैंक खातों में लैपटॉप खरीदने के लिए 25-25 हजार रुपए की राशि ट्रांसफर करेगी। इस योजना पर सरकार 304 करोड़ रुपए से अधिक खर्च करेगी।
भोपाल में होगा बड़ा कार्यक्रम
राजधानी भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यहां से विद्यार्थियों के खातों में डीबीटी के माध्यम से सीधे राशि भेजी जाएगी।
304 करोड़ रुपए से अधिक होंगे ट्रांसफर
सरकार इस योजना के तहत करीब 1.22 लाख विद्यार्थियों को लाभ देगी। सभी पात्र छात्रों के खातों में 25-25 हजार रुपए भेजे जाएंगे। कुल मिलाकर 304 करोड़ 98 लाख 50 हजार रुपए से अधिककी राशि अंतरित की जाएगी।
75 फीसदी अंक वालों को मिलेगा लाभ
योजना का लाभ एमपी बोर्ड की 12वीं परीक्षा में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मिलेगा। इसके लिए छात्र का पात्र अंक पहले प्रयास में प्राप्त करना जरूरी है।
लैपटॉप से डिजिटल पढ़ाई को मिलेगा बढ़ावा
सरकार का उद्देश्य विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा से जोड़ना है। लैपटॉप के जरिए छात्र ऑनलाइन पढ़ाई, ई-लर्निंग, डिजिटल स्टडी मटेरियल और अन्य तकनीकी संसाधनों का उपयोग कर सकेंगे।
स्कूटी योजना पर भी सरकार कर रही तैयारी
सरकार प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए स्कूटी योजना पर भी काम कर रही है। बताया जा रहा है कि इसके लिए भी जल्द अलग कार्यक्रम आयोजित किया जा सकता है।