MP News: 'चुनाव के समय वोट मांगने आई थीं, अब कहां हैं'; सबलगढ़ विधायक के गुमशुदगी के पोस्टर वायरल
पोस्टर में लिखा गया है, 'सबलगढ़ बिधायक गुमशुदा की तलाश है। यदि किसी व्यक्ति को हमारी विधायक जी कहीं भी दिखाई दें तो कृपया उन्हें सबलगढ़ की जनता के पास लेकर आएं, क्योंकि जनता उनके जवाब का इंतजार कर रही है।
MP News: मध्य प्रदेश के मुरैना जिले की सबलगढ़ सीट से बीजेपी विधायक सरला रावत की सोशल मीडिया पर गुमशुदगी की चर्चा है। स्थानीय समस्याओं से नाराज लोगों ने सोशल मीडिया पर विधायक के गुमशुदगी के पोस्टर जारी किए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट में ‘सबलगढ़ विधायक गुमशुदा की तलाश’ लिखा हुआ है। पोस्टर में लिखा है कि हमारी विधायक कहीं भी दिखाई दें तो कृपया सबलगढ़ की जनता को सूचना दें।
जलभराव की समस्या के कारण लोगों में नाराजगी
दरअसल क्षेत्र में जलभराव की समस्या के कारण लोगों में नाराजगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत के बाद भी जल निकासी को लेकर कोई भी समाधान नहीं किया गया। सोशल मीडिया पर पोस्ट डालने वालों का आरोप है कि क्षेत्र में पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं है। इसके कारण हर रोज परेशानी उठानी पड़ रही है। बारिश के दौरान जलभराव की समस्या को लेकर लोगों में काफी नाराजगी है।
'चुनाव के समय वोट मांगने आई थीं, अब कहां हैं'?'
स्थानीय लोगों ने अपनी पोस्ट में विधायक की सक्रियता को लेकर सवाल उठाते हुए नाराजगी जाहिर की है। पोस्टर में लिखा गया है, 'सबलगढ़ बिधायक गुमशुदा की तलाश है। यदि किसी व्यक्ति को हमारी विधायक जी कहीं भी दिखाई दें तो कृपया उन्हें सबलगढ़ की जनता के पास लेकर आएं, क्योंकि जनता उनके जवाब का इंतजार कर रही है।
सबलगढ़ की जनता पूछ रही है चुनाव के समय तो आप हर जगह नजर आई थीं, अब शहर में पानी भरने के बाद क्यों दिखाई नहीं दे रही हैं?चुनाव के समय वोट मांगने आई थी...अब कहां हैं माननीय विधायक जी? सबलगढ़ की जनता पानी में जलमग्न है, समस्याएं बढ़ती जा रही हैं और विधायक जी कहां गायब हैं? सबलगढ़ की जनता अपने जनप्रतिनिधि से जवाब चाहती है।'
सबलगढ़ में कई दिनों से जलभराव की समस्या से जूझ रहे लोग
सबलगढ़ में हाल के दिनों में बारिश के बाद जलस्रोतों और जलभराव को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चाएं बढ़ी हैं। एक स्थानीय रिपोर्ट के मुताबिक, तेज बारिश के बाद सबलगढ़ तालाब में भी पानी का स्तर बढ़ा है। वहीं बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर विरोध और जनहित के मुद्दों पर प्रदर्शन की जानकारी भी सामने आती रही है। स्थानीय स्तर पर जनप्रतिनिधियों और नगर प्रशासन से बुनियादी सुविधाओं में सुधार की मांग उठती रही है।
विधायक की सक्रियता को लेकर सवाल उठे
हालांकि सोशल मीडिया पर विधायक को लेकर की गई ‘गुमशुदा’ टिप्पणी को वास्तविक गुमशुदगी नहीं है, बल्कि यह राजनीतिक और स्थानीय नाराजगी जाहिर करने का तरीका है। लोगों ने पोस्ट के जरिए विधायक की सक्रियता और क्षेत्र की समस्याओं पर उनकी मौजूदगी को लेकर सवाल खड़े किए हैं। हालांकि जल निकासी की समस्या केवल सबलगढ़ तक सीमित नहीं है। बारिश के दौरान देश के कई शहरों में जलभराव और खराब ड्रेनेज व्यवस्था को लेकर लोगों की नाराजगी सामने आती रही है।
फिलहाल सबलगढ़ में विधायक सरला रावत को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही इन पोस्ट ने स्थानीय राजनीति में चर्चा जरूर छेड़ दी है। अब देखने वाली बात होगी कि जल निकासी समेत स्थानीय समस्याओं को लेकर प्रशासन और जनप्रतिनिधि स्तर पर क्या कदम उठाए जाते हैं।
.jpg)