दुबई में सजा मध्य प्रदेश का हुनर! CM मोहन यादव ने ODOP प्रदर्शनी का किया उद्घाटन
मुख्यमंत्री ने अरब संसद के अध्यक्ष मोहम्मद अहमद अल यामाही समेत विभिन्न प्रतिनिधियों से मुलाकात कर व्यापार, निवेश, कृषि, पर्यटन और शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की। साथ ही उन्हें मध्यप्रदेश में प्रस्तावित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2027 में शामिल होने का न्योता भी दिया गया है।
CM Mohan Yadav Dubai Visit: मध्य प्रदेश के स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक शिल्प को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने की दिशा में राज्य सरकार ने एक और कदम बढ़ाया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को दुबई में ‘एक जिला-एक उत्पाद’ (ODOP) और जीआई उत्पादों की प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। यह प्रदर्शनी अगले सात दिनों तक आम लोगों और अंतरराष्ट्रीय आगंतुकों के लिए खुली रहेगी।
स्थानीय उत्पादों को लोकल से ग्लोबल बना रही सरकार
प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य मध्य प्रदेश के जिलों की विशिष्ट पहचान रखने वाले उत्पादों को वैश्विक मंच उपलब्ध कराना है। इसके जरिए प्रदेश की पारंपरिक कला, हस्तशिल्प और हथकरघा उत्पादों को विदेशी खरीदारों, पर्यटकों और कारोबारी प्रतिनिधियों तक पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। सरकार का फोकस स्थानीय उत्पादों को ‘लोकल से ग्लोबल’ बनाने और कारीगरों तथा उद्यमियों के लिए नए बाजार तैयार करने पर है।
भोपाल, उज्जैन, बैतूल के उत्पादों की लगी प्रदर्शनी
दुबई में लगाई गई प्रदर्शनी में मध्यप्रदेश के कई चर्चित उत्पादों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है। इनमें बैतूल का बेल मेटल क्राफ्ट, अशोकनगर की चंदेरी साड़ी, खरगोन की महेश्वरी साड़ी, उज्जैन का बाटिक प्रिंट, भोपाल की जरी-जरदोजी कला और ग्वालियर का कारपेट शामिल हैं। ये उत्पाद प्रदेश की अलग-अलग क्षेत्रों में विकसित हुई पारंपरिक कारीगरी और सांस्कृतिक विविधता को दर्शाते हैं।
AIM Congress 2026 में भाग लेने पहुंचे हैं मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री के दुबई दौरे का यह कार्यक्रम केवल उत्पादों की प्रदर्शनी तक सीमित नहीं है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में मध्य प्रदेश का प्रतिनिधिमंडल AIM Congress 2026 में भी भाग ले रहा है। इस दौरान राज्य में निवेश की संभावनाओं को वैश्विक निवेशकों और उद्योग जगत के सामने रखा जा रहा है। खाद्य प्रसंस्करण, नवीकरणीय ऊर्जा, फार्मा, लॉजिस्टिक्स, टेक्सटाइल और शहरी बुनियादी ढांचे जैसे क्षेत्रों में निवेश के अवसरों पर भी चर्चा हो रही है।
ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2027 के लिए निवेशकों को दिया न्योता
मुख्यमंत्री ने अरब संसद के अध्यक्ष मोहम्मद अहमद अल यामाही समेत विभिन्न प्रतिनिधियों से मुलाकात कर व्यापार, निवेश, कृषि, पर्यटन और शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की। साथ ही उन्हें मध्यप्रदेश में प्रस्तावित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2027 में शामिल होने का न्योता भी दिया गया है।
इस तरह दुबई की ODOP प्रदर्शनी मध्य प्रदेश के पारंपरिक उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के साथ-साथ प्रदेश के कारीगरों, बुनकरों और छोटे उद्यमियों को वैश्विक बाजार से जोड़ने की पहल के रूप में देखी जा रही है।
.jpg)