MP News: शिक्षकों और 70 हजार अतिथि शिक्षकों के लिए बड़ी खबर, ऑनलाइन हाजिरी से लेकर मानदेय तक बदलेगा नियम
MP News: मध्य प्रदेश में शिक्षकों की ऑनलाइन हाजिरी का समय 10 बजे तक किया जा सकता है, जबकि नेटवर्क विहीन स्कूलों के अतिथि शिक्षकों को मानदेय में राहत मिलेगी।
MP News: मध्य प्रदेश में सरकारी शिक्षकों और अतिथि शिक्षकों से जुड़ी दो अहम खबरें सामने आई हैं। लोक शिक्षण संचालनालय यानी DPI नियमित शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति को लेकर नियम सख्त करने की तैयारी में है। वहीं नेटवर्क विहीन क्षेत्रों में काम कर रहे करीब 70 हजार अतिथि शिक्षकों की री-ज्वाइनिंग और लंबित मानदेय की समस्या दूर करने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।
10 बजे तक लगानी होगी ऑनलाइन हाजिरी
सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति को लेकर विभाग नई व्यवस्था लागू करने की तैयारी में है। फिलहाल शिक्षकों को सुबह 9:30 बजे से 10:45 बजे के बीच ऑनलाइन हाजिरी दर्ज करनी होती है। अब इसे और सख्त करते हुए सुबह 10 बजे तक हाजिरी दर्ज करना अनिवार्य किया जा सकता है।
DPI ने की ऑनलाइन अटेंडेंस की समीक्षा
ऑनलाइन अटेंडेंस को लेकर लोक शिक्षण आयुक्त की समीक्षा बैठक में व्यवस्था को लेकर चर्चा हुई। बैठक में शिक्षकों की उपस्थिति दर्ज कराने की समय-सीमा को कम करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग अब 10 बजे तक ऑनलाइन हाजिरी की व्यवस्था लागू करने की तैयारी में जुटा है।
नेटवर्क विहीन स्कूलों की मांगी जानकारी
दूसरी ओर दूरदराज के नेटवर्क विहीन इलाकों में पदस्थ अतिथि शिक्षकों की समस्याओं को लेकर DPI ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों से जानकारी मांगी है। कई स्कूलों में नेटवर्क की समस्या के कारण अतिथि शिक्षकों की री-ज्वाइनिंग और मानदेय भुगतान की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।
70 हजार अतिथि शिक्षकों को मिल सकती है राहत
विभाग अब ऐसे स्कूलों की जानकारी जुटा रहा है, जहां नेटवर्क की सुविधा नहीं है। इसके साथ ही वहां कार्यरत अतिथि शिक्षकों और उनके लंबित मानदेय का विवरण भी मांगा गया है। जानकारी मिलने के बाद इन समस्याओं का निराकरण करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। प्रदेश में करीब 70 हजार अतिथि शिक्षक कार्यरत बताए जा रहे हैं।