MP Employees Promotion: कर्मचारियों की पदोन्नति अब नहीं रुकेगी, सीएम मोहन ने कहा- हर साल चलेगा प्रमोशन का सिलसिला
MP Employees Promotion: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कर्मचारियों की पदोन्नति प्रक्रिया अब नियमित रहेगी और इस साल सभी विभागों में डीपीसी शुरू कर पात्र कर्मचारियों को प्रमोशन मिलेगा।
MP Employees Promotion: भोपाल के मंत्रालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शासकीय कर्मचारियों को लेकर बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कर्मचारियों की पदोन्नति की प्रक्रिया अब रुकने वाली नहीं है। इस साल सभी विभागों में पदोन्नति के लिए डीपीसी शुरू की जाएगी और पात्र कर्मचारियों को प्रमोशन का लाभ मिलेगा। कर्मचारी हित में लिए जा रहे फैसलों के लिए मंत्रालयीन अधिकारियों और कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री का अभिनंदन भी किया।
हर साल होगी पदोन्नति की प्रक्रिया
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि शासकीय अधिकारी और कर्मचारियों के प्रमोशन की प्रक्रिया को अब नियमित रखा जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पदोन्नति का क्रम साल दर साल चलता रहेगा। इस वर्ष सभी विभागों में डीपीसी शुरू होने वाली है, जिसके बाद पात्र कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ दिया जाएगा। सीएम ने कहा कि प्रमोशन के बाद कर्मचारियों के चेहरे पर दिखाई देने वाली खुशी उनके मनोबल को बढ़ाती है।
कर्मचारियों के हित को बताया सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के विकास और जनकल्याण की योजनाओं को जमीन पर उतारने में सरकारी कर्मचारियों की अहम भूमिका है। इसलिए सरकार कर्मचारियों के वेतन, भत्ते और पदोन्नति से जुड़े अधिकारों को समय पर देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि किसी फैसले में देरी भी कर्मचारियों के लिए परेशानी का कारण बनती है। इसी सोच के साथ सरकार ने कर्मचारी हित के फैसलों को संवेदनशीलता से लेने का प्रयास किया है।
‘प्रमोशन के साथ अपना इमोशन जोड़ा’
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने कर्मचारियों के हित और उनके प्रमोशन के साथ अपना इमोशन जोड़कर निर्णय लिया है। उनके मुताबिक कर्मचारियों को समय पर मिलने वाले लाभ से न सिर्फ उनमें नई ऊर्जा आती है, बल्कि परिवार में भी खुशी का माहौल बनता है। सरकार आगे भी कर्मचारियों के कल्याण से जुड़े फैसले लेने के लिए तैयार है।
खिलाड़ियों को भी किया सम्मानित
मंत्रालय में हुए कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने अंतर्राष्ट्रीय कराटे खिलाड़ी जागृति पटेल और विक्रम अवॉर्ड विजेता अंजली वर्मा को सम्मानित किया। कार्यक्रम में कर्मचारियों और विभिन्न कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। कर्मचारी हित में लिए गए फैसलों को लेकर मंत्रालयीन अधिकारियों-कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री का आभार जताया।
कर्मचारियों के लिए आवास की भी चिंता
विधायक भगवानदास सबनानी ने कहा कि सरकार कर्मचारियों के वेतन और भत्तों के साथ उनके आवास से जुड़े विषयों पर भी ध्यान दे रही है। कार्यक्रम संयोजक सुभाष वर्मा ने बताया कि वर्ष 2026 में प्रदेश के 1 लाख 25 हजार से अधिक अधिकारियों-कर्मचारियों की पदोन्नति हुई है। उन्होंने मुख्यमंत्री के कर्मचारी हितैषी फैसलों की सराहना की।