MP News: PWD के प्रभारी कार्यपालन यंत्री के ठिकानों पर EOW की छापेमारी; छिंदवाड़ा, बालाघाट और भोपाल में कार्रवाई जारी
EOW की टीम फिलहाल संपत्ति और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच में जुटी है। छापेमारी से सामने आने वाली जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
MP News: जबलपुर की आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के प्रभारी कार्यपालन यंत्री केके सिंगारे के ठिकानों पर छापेमारी की है. जबलपुर EOW की टीम ने गुरुवार सुबह छिंदवाड़ा और बालाघाट में एक साथ छापेमारी की। टीम सुबह करीब 5:45 बजे सिंगारे के ठिकानों पर पहुंची और कार्रवाई कर रही है।
आय से अधिक संपत्ति को लेकर कार्रवाई
EOW की यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति से जुड़ी शिकायत के बाद की जा रही है. जांच टीम सिंगारे की संपत्तियों, बैंक खातों, निवेश और अन्य वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है। इसके अलावा जमीन, मकान और दूसरी संपत्तियों से संबंधित रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं।
जांच के दौरान परिजनों के नाम पर खरीदी गई संपत्तियों और किए गए निवेश की जानकारी भी जुटाई जा रही है। EOW यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि सिंगारे की घोषित आय और उनके नाम या उनसे जुड़े लोगों के नाम पर मौजूद संपत्तियों के बीच कोई अंतर है या नहीं।
PWD विभाग के ऑफिस पर हलचल तेज
छिंदवाड़ा और बालाघाट में एक साथ हुई कार्रवाई के बाद PWD विभाग में भी हलचल देखी जा रही है। हालांकि, छापेमारी अभी जांच के स्तर पर है और कार्रवाई पूरी होने के बाद ही यह साफ होगा कि EOW को जांच में कौन-कौन से दस्तावेज या अन्य महत्वपूर्ण जानकारी मिली है।
EOW की टीम फिलहाल संपत्ति और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच में जुटी है। छापेमारी से सामने आने वाली जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
खबर अपडेट की जा रही है...

