गांधी नगर फ्लाईओवर की सर्विस रोड 9 दिन बंद, जानें नया रूट
भोपाल के लालघाटी से मुबारकपुर तक सर्विस रोड के पुनर्निर्माण के चलते गांधी नगर फ्लाईओवर की सर्विस रोड 9 दिन बंद रहेगी।

Bhopal Traffic Update: राजधानी भोपाल में सड़क निर्माण कार्य के चलते अगले 9 दिनों तक गांधी नगर फ्लाईओवर की सर्विस रोड पर यातायात प्रभावित रहेगा। 4 सितंबर से 12 सितंबर तक आशाराम तिराहे से द्रोणांचल गेट की ओर जाने वाली सर्विस रोड पर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी।
NHAI करवा रहा सर्विस रोड का पुनर्निर्माण
यह बदलाव भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की ओर से कराए जा रहे सर्विस रोड के पुनर्निर्माण कार्य के चलते किया गया है। इस दौरान वाहन चालकों को निर्धारित वैकल्पिक व्यवस्था के अनुसार ही आवाजाही करनी होगी।
300 मीटर आगे जाकर लेना होगा U-Turn
यातायात पुलिस के अनुसार करोंद और जेल रोड की तरफ से आने वाले वाहन, जिन्हें सर्विस रोड के रास्ते भोपाल शहर की ओर जाना है, उन्हें आशाराम तिराहे से आगे गांधी नगर की दिशा में करीब 300 मीटर तक जाना होगा। इसके बाद फ्लाईओवर पर बनाए गए U-Turn से वाहन वापस मोड़कर शहर की तरफ जा सकेंगे।
9 दिन तक बदला रहेगा रूट
सर्विस रोड बंद रहने की वजह से इस रूट से आने-जाने वाले वाहन चालकों को सामान्य दिनों की तुलना में कुछ अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ेगी। इसका सबसे ज्यादा असर करोंद, जेल रोड और आसपास के क्षेत्रों से भोपाल शहर की ओर आने वाले वाहनों पर पड़ सकता है।
यातायात पुलिस की वाहन चालकों से अपील
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि निर्माण कार्य के दौरान बंद किए गए मार्ग पर जाने की कोशिश न करें। वाहन चालक निर्धारित वैकल्पिक रूट का इस्तेमाल करें और घर से निकलते समय अतिरिक्त समय लेकर चलें।
पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और धैर्य के साथ निर्धारित मार्ग का इस्तेमाल करने की अपील की है, ताकि निर्माण कार्य के दौरान अनावश्यक जाम की स्थिति पैदा न हो।

