Bhopal News: सीएम डॉ. मोहन ने स्वामी चिन्मयानंदजी को बताया महान संत, चिन्मय अमृत यात्रा को दिखाई हरी झंडी
Bhopal News: सीएम डॉ. मोहन यादव ने स्वामी चिन्मयानंदजी के योगदान को याद किया और भोपाल से चिन्मय अमृत यात्रा को झांसी के लिए रवाना किया।
Bhopal News: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को भोपाल में स्वामी चिन्मयानंदजी महाराज के योगदान को याद किया। उन्होंने स्वामीजी को महान संत, विचारक और आध्यात्मिक विभूति बताते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति और श्रीमद्भगवद्गीता के प्रचार-प्रसार में उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा। इस दौरान सीएम ने चिन्मय अमृत यात्रा को केसरिया झंडी दिखाकर झांसी के लिए रवाना किया।
स्वामी चिन्मयानंदजी के योगदान को किया याद
सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि स्वामी चिन्मयानंदजी ने भारतीय संस्कृति को लोगों तक पहुंचाने और युवाओं के नैतिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने गीता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए किए गए स्वामीजी के प्रयासों की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वामी चिन्मयानंदजी की विचारधारा और उनके बताए रास्ते से समाज को आज भी प्रेरणा मिलती है।
चिन्मय अमृत यात्रा को दिखाई हरी झंडी
मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित कार्यक्रम में डॉ. यादव ने चिन्मय अमृत यात्रा को झंडी दिखाकर झांसी के लिए रवाना किया। यह यात्रा छत्तीसगढ़ से शुरू हुई थी और मध्यप्रदेश में प्रवेश करने के बाद रीवा, सतना, बैतूल और नर्मदापुरम होते हुए भोपाल पहुंची। भोपाल के बाद यात्रा का अगला पड़ाव झांसी है।
गीता प्रचार के साथ शिक्षा पर भी जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वामी चिन्मयानंद मिशन की ओर से देशभर में श्रीमद्भगवद्गीता के प्रचार के साथ शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र में भी लगातार काम किया जा रहा है। मिशन से जुड़े संस्थानों और अभियानों के जरिए समाज में भारतीय संस्कृति और नैतिक मूल्यों को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। सीएम ने मध्यप्रदेश सरकार की ओर से मिशन के कार्यों की सराहना की।
यात्रा में मिशन के अनुयायी भी रहे मौजूद
चिन्मय अमृत यात्रा के भोपाल पहुंचने के दौरान स्वामी चिन्मयानंद मिशन के हेड स्वामी मित्रानंद सरस्वती महाराज सहित मिशन के कई अनुयायी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने यात्रा को शुभकामनाएं देते हुए मिशन के सामाजिक अभियानों के लिए प्रदेश सरकार की ओर से सहयोग और समर्थन की बात कही।