Aayudh

Categories

Vice President Election 2025: संसद में वोटिंग जारी, शाम तक तय होगा देश का 15वां उपराष्ट्रपति

Vice President Election

Vice President Election 2025: देश को आज नया उपराष्ट्रपति मिलेगा। संसद भवन में मंगलवार सुबह 10 बजे से वोटिंग शुरू हुई। शाम 5 बजे तक मतदान होगा। इसके बाद शाम 6 बजे से वोटों की गिनती शुरू होगी। नतीजे आज ही घोषित हो जाएंगे।

इस बार एनडीए ने 68 वर्षीय सीपी राधाकृष्णन को उम्मीदवार बनाया है। वहीं विपक्षी INDIA गठबंधन ने 79 वर्षीय बी सुदर्शन रेड्डी को मैदान में उतारा है। दोनों के बीच कड़ा मुकाबला माना जा रहा है।

कुल 781 सांसद वोटिंग के पात्र हैं। लेकिन 14 सांसदों ने चुनाव का बहिष्कार किया है। इनमें बीजेडी के 7, बीआरएस के 4 और अकाली दल का 1 सांसद शामिल है। इसके अलावा पंजाब के फरीदकोट से निर्दलीय सांसद सर्बजीत सिंह खालसा और जेल में बंद अमृतपाल ने भी मतदान से दूरी बनाई। ऐसे में कुल 767 सांसद वोट डालेंगे। बहुमत का आंकड़ा 384 है।

चुनाव को लेकर सभी दलों ने अपनी-अपनी रणनीति बनाई है। वाईएसआरसीपी के 11 सांसद एनडीए उम्मीदवार के समर्थन में वोट करेंगे। वहीं AIMIM अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने विपक्षी प्रत्याशी सुदर्शन रेड्डी को समर्थन देने की घोषणा की है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबसे पहले वोट डाला। गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी मतदान किया। संसद के दोनों सदनों के सदस्यों की मौजूदगी से माहौल चुनावी बना हुआ है।

नतीजों के बाद विजेता उम्मीदवार मौजूदा उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की जगह लेंगे। धनखड़ ने खराब स्वास्थ्य के कारण जुलाई में पद से इस्तीफा दिया था। उनका कार्यकाल अगस्त 2027 तक था।

आज शाम तक यह साफ हो जाएगा कि देश का 15वां उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन होंगे या बी सुदर्शन रेड्डी।

READ MORE: पीएम ओली ने दिया इस्तीफा, राजधानी में हिंसक प्रदर्शन और आगजनी से हालात बेकाबू

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *