Indore Nab Drug Smuggler : मध्य प्रदेश। इंदौर के खजराना में पुलिस को नशे के खिलाफ चल रहे अभियान में बड़ी सफलता मिली है। यहां से खजराना थाना पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मंदसौर के एक युवक को 110 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि, जब्त मादक पदार्थ की कीमत लगभग 11 लाख रुपए है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
खजराना पुलिस ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि, हमें हमारे विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि ,वाघेला गार्डन के पास बायपास पर एक आदमी ब्रॉउन शुगर लेकर घूम रहा है। वह आदमी वहां के युवाओं को निशाने पर रखते हुए ब्रॉन्ड शुगर उन्हें बेचने की फिराक में है।
सूचना मिलने के बाद उस एरिया की घेराबंदी की गई और संदिग्ध युवक की पहचान कर उसे धार लिया। जब युवक की तलाशी ली तो उसके पास से 110 ग्राम ब्राउन शुगर और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ।
पुलिस के बताये अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान रामकिशन उर्फ रामनिवास गिरी उम्र 28 साल, निवासी ग्राम काटिया, थाना सुवासरा, जिला मंदसौर के रूप में हुई है। वह 8वीं तक पढ़ा है और खेती करता है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह खुद नशे का आदी है। नशे की लत और जल्दी पैसा कमाने के लालच में वह मंदसौर के कोटड़ी क्षेत्र से सस्ते दाम पर ब्राउन शुगर लाकर इंदौर में महंगे दाम पर बेचता था।
नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस
थाना प्रभारी मनोज सिंह सेंधव ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। उसे पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है, ताकि ब्राउन शुगर के सप्लायर और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके।