US-Iran War Update : वांशिगटन डीसी। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की सुरक्षा को लेकर बड़ा दावा सामने आया है। अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इजराइल ने अमेरिका को पहले ही चेतावनी दी थी कि ईरान ट्रम्प की हत्या की साजिश बना रहा है। हालांकि, इस दावे की अभी तक अमेरिका या ईरान की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
WSJ की रिपोर्ट में क्या दावा किया गया?
अमेरिकी अखबार वॉल स्ट्रीट जर्नल (WSJ) के मुताबिक, इजराइल ने इस हफ्ते अमेरिकी प्रशासन को खुफिया जानकारी दी थी कि ईरान ट्रम्प को निशाना बनाने की योजना बना रहा है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि अमेरिकी एजेंसियां पहले इस तरह की किसी नई साजिश पर नजर नहीं रख रही थीं।
वहीं, व्हाइट हाउस ने इस रिपोर्ट पर सीधे कोई टिप्पणी नहीं की है। इससे पहले नाटो शिखर सम्मेलन के दौरान ट्रम्प ने भी कहा था कि ईरान की हिटलिस्ट में उनका नाम सबसे ऊपर है और उन्हें लगातार सुरक्षा का खतरा बना हुआ है।
अमेरिका-ईरान के बीच तनाव अभी भी बरकरार
दोनों देशों के बीच हालात अब भी तनावपूर्ण बने हुए हैं। ईरान के बुशहर, कोनारक और सीरिक इलाकों में धमाकों की खबर सामने आई है। अमेरिका ने इन घटनाओं में अपनी किसी भी भूमिका से इनकार किया है और कहा है कि वह अब भी बातचीत के जरिए समाधान चाहता है। हालांकि, इससे पहले अमेरिका लगातार दो दिन ईरान में बड़े सैन्य हमले कर चुका है। वहीं ईरान भी जवाबी कार्रवाई कर चुका है। इस वजह से पूरे मिडिल ईस्ट में तनाव बढ़ा हुआ है।
तेल सप्लाई और खामेनेई की शोकसभा पर भी नजर
अमेरिका-ईरान तनाव का असर तेल बाजार पर भी दिख रहा है। होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों की आवाजाही को लेकर चिंता बनी हुई है। हालांकि, शुक्रवार को कच्चे तेल की कीमतों में हल्की गिरावट दर्ज की गई।
उधर, ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार के बाद शनिवार को कुम शहर में शोकसभा होगी। फिलहाल, ट्रम्प की सुरक्षा, अमेरिका-ईरान तनाव और मिडिल ईस्ट के हालात पर पूरी दुनिया की नजर बनी हुई है।