Monsoon Alert: मानसून ने तय समय से पहले पूरे देश को कवर कर लिया है, लेकिन इसके साथ ही कई राज्यों में भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। उत्तराखंड में भूस्खलन से हजारों यात्री फंस गए हैं, उत्तर प्रदेश में बारिश से 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि राजस्थान में कई ट्रेनें रद्द करनी पड़ीं। मौसम विभाग ने दो दिन बाद मानसून की रफ्तार धीमी पड़ने की संभावना जताई है।
36 दिन में पूरे देश में पहुंचा मानसून
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, इस बार मानसून ने सिर्फ 36 दिनों में पूरे देश को कवर कर लिया। सामान्य तौर पर यह प्रक्रिया करीब 38 दिन में पूरी होती है। हालांकि, अगले दो दिनों के बाद इसकी रफ्तार धीमी पड़ सकती है।
उत्तराखंड में लैंडस्लाइड से 1000 यात्री फंसे
उत्तरकाशी के स्यानाचट्टी के पास यमुनोत्री हाईवे और नालूपानी के पास गंगोत्री हाईवे भूस्खलन के कारण बंद हो गए हैं। यमुनोत्री मार्ग बंद होने से करीब 1000 यात्री फंस गए हैं। लगातार बारिश को देखते हुए 10 जिलों में स्कूलों की छुट्टी घोषित की गई है। पिथौरागढ़ में आदि कैलाश मार्ग भी चट्टानें गिरने से बंद है, जबकि हरिद्वार की कई सड़कों पर 3 से 4 फीट तक पानी भर गया।
यूपी में बारिश से 10 लोगों की मौत
उत्तर प्रदेश के 69 शहरों में हुई बारिश के बीच अलग-अलग हादसों में 10 लोगों की जान चली गई। बुलंदशहर में मस्जिद की पुरानी दीवार गिरने से एक ही परिवार के दो लोगों की मौत हो गई। हरदोई में दो बहनें नदी में बह गईं, जबकि कई अन्य जिलों से भी बारिश से जुड़े हादसों की खबरें सामने आई हैं।
राजस्थान में मकान ढहे, ट्रेनें प्रभावित
राजस्थान के धौलपुर में भारी बारिश के चलते एक मकान ढह गया, जिसमें छह लोग मलबे में दब गए। अजमेर के किशनगढ़ में भी कच्चा मकान गिरने से माता-पिता और उनका बच्चा मलबे में फंस गया। लगातार बारिश के कारण राज्य में छह ट्रेनें रद्द करनी पड़ीं, जबकि कई अन्य ट्रेनें देरी से चल रही हैं।
दिल्ली में जलभराव और ट्रैफिक जाम
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी तेज बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव हो गया। कई जगह पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित रहा और लोगों को लंबे ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ा।