UGC-NET Paper Leak: देश में प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता एक बार फिर सवालों के घेरे में है। NEET समेत कई परीक्षाओं के बाद अब UGC-NET 2026 को लेकर पेपर लीक के गंभीर दावे किए जा रहे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल एक PDF में सोशियोलॉजी के करीब 90 सवाल परीक्षा के प्रश्नों से मेल खाने का दावा किया जा रहा है। इस मामले को लेकर विपक्ष ने भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा है।
सोशियोलॉजी पेपर लीक होने का दावा
30 जून 2026 को आयोजित UGC-NET की सोशियोलॉजी परीक्षा को लेकर दावा किया जा रहा है कि परीक्षा से पहले ही प्रश्नों से जुड़ी एक PDF सोशल मीडिया पर वायरल हो गई थी। बताया जा रहा है कि इस दस्तावेज में मौजूद करीब 90 सवाल परीक्षा में पूछे गए प्रश्नों से हूबहू मेल खाते हैं।
छात्रों ने उठाए सवाल
खुद को UGC-NET अभ्यर्थी बताने वाली एक छात्रा ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि वायरल PDF में मौजूद सवाल परीक्षा के प्रश्नों जैसे ही हैं। छात्रा का कहना है कि सवालों का फॉर्मेट, कोड और क्रम तक वास्तविक परीक्षा से मेल खाता है, जिससे परीक्षा की गोपनीयता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
पहले भी उठा था इंग्लिश पेपर पर विवाद
इससे पहले UGC-NET के इंग्लिश विषय के पेपर में 67 सवाल दोहराए जाने को लेकर विवाद सामने आया था। अब सोशियोलॉजी पेपर को लेकर नए दावों ने अभ्यर्थियों की चिंता और बढ़ा दी है।
2.25 लाख रुपये में पेपर बेचने का आरोप
विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि यह प्रश्नपत्र बिहार, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान समेत कई राज्यों में करीब 2.25 लाख रुपये में बेचा जा रहा था। उन्होंने यह भी दावा किया कि इसी नेटवर्क ने अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने का भी दावा किया था।
सरकार से जवाबदेही की मांग
राहुल गांधी ने लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि छात्रों को जवाबदेही और न्याय नहीं मिल रहा है। वहीं, UGC-NET पेपर लीक के दावों को लेकर अभ्यर्थियों ने भी निष्पक्ष जांच और सच्चाई सामने लाने की मांग की है।