Terrorist Zakir Ganai killed : शोपियां। जम्मू-कश्मीर के शोपियां में सुरक्षाबलों ने पांच दिन तक चले संयुक्त अभियान के बाद लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े आतंकी जाकिर अहमद गनई को मुठभेड़ में मार गिराया। सुरक्षाबलों ने उसके पास से हथियार, गोला-बारूद और अन्य युद्ध सामग्री बरामद की है। हालांकि एनकाउंटर समाप्त हो चुका है, लेकिन इलाके में किसी अन्य आतंकी के छिपे होने की आशंका को देखते हुए सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है।
पांच दिन तक चला घेराबंदी अभियान
सुरक्षाबलों को 3 जुलाई को निगरानी कैमरों की मदद से शोपियां के मीमंदर क्षेत्र के एक घने बाग में दो संदिग्ध आतंकियों की मौजूदगी की जानकारी मिली थी। सूचना मिलते ही सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी।
अभियान के दौरान कई बार आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच गोलीबारी हुई। लगातार पांच दिन तक चले ऑपरेशन के बाद सुरक्षाबलों ने जाकिर अहमद गनई को मुठभेड़ में मार गिराया। घटनास्थल से हथियार, गोला-बारूद और अन्य संदिग्ध सामग्री भी बरामद की गई है।
शटरिंग का काम छोड़ आतंक के रास्ते पर चला जाकिर
26 वर्षीय जाकिर अहमद गनई कुलगाम जिले के मोटलहामा क्षेत्र का रहने वाला था। वह पहले शटरिंग का काम करता था। सितंबर 2023 में वह काम पर जाने के बाद अचानक लापता हो गया था। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर परिवार ने कुलगाम थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
जांच के दौरान पता चला कि वह ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ (TRF) में शामिल हो गया था, जिसे लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा संगठन माना जाता है। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम (UAPA) के तहत मामला भी दर्ज था।
एक और आतंकी की तलाश में जारी सर्च ऑपरेशन
सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, इलाके में लतीफ नाम के एक अन्य आतंकी के छिपे होने की आशंका है। इसी कारण पूरे क्षेत्र में तलाशी अभियान लगातार जारी है। सुरक्षाबल हर संभावित ठिकाने की जांच कर रहे हैं ताकि कोई भी आतंकी भागने में सफल न हो सके। अधिकारियों का कहना है कि अभियान पूरी तरह समाप्त होने तक सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी।