Balochistan Attack: बलूचिस्तान के ग्वादर जिले में प्रतिबंधित संगठन बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने पाकिस्तान कोस्ट गार्ड के कैंप पर बड़े फिदायीन हमले की जिम्मेदारी ली है। संगठन ने दावा किया है कि इस हमले में 30 से ज्यादा पाकिस्तानी जवान मारे गए हैं, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
विस्फोटकों से भरा ट्रक कैंप से टकराया
रिपोर्ट के मुताबिक, शुक्रवार शाम ग्वादर के जिवानी इलाके के पनवान स्थित कोस्ट गार्ड कैंप पर यह हमला किया गया। BLA का दावा है कि उसके आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटकों से भरे ट्रक को सीधे कैंप के मुख्य हिस्से से टकरा दिया, जिससे जोरदार धमाका हुआ।
हमले के बाद शुरू हुई गोलीबारी
संगठन का कहना है कि धमाके के तुरंत बाद उसके फतेह स्क्वाड के लड़ाके कैंप में घुस गए और सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ हुई। BLA ने दावा किया कि इस दौरान 30 से ज्यादा जवान मारे गए, जबकि कई घायल हुए। हालांकि, पाकिस्तान की ओर से अभी तक इन आंकड़ों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
वीडियो भी किया जारी
BLA के मीडिया विंग ने हमले का एक वीडियो भी जारी किया है। वीडियो में कथित तौर पर विस्फोटकों से भरा ट्रक कैंप की ओर बढ़ता दिखाई देता है और कुछ ही देर बाद बड़ा धमाका होता है। बाद की तस्वीरों में कैंप के कई हिस्सों को क्षतिग्रस्त दिखाया गया है।
BLA ने ली हमले की जिम्मेदारी
संगठन के प्रवक्ता जियांद बलूच ने बयान जारी कर इस हमले की जिम्मेदारी ली है। उन्होंने कहा कि यह अभियान पाकिस्तान के सुरक्षा बलों के खिलाफ चलाए जा रहे उनके अभियान का हिस्सा है। साथ ही संगठन ने दावा किया कि वह जल्द ही इस ऑपरेशन से जुड़ी और जानकारी जारी करेगा।