Karnataka Granite Mine Accident: कर्नाटक के बेंगलुरु के मदापट्टना स्थित ग्रेनाइट खदान में हुए दर्दनाक हादसे में मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के 5 मजदूरों समेत 7 श्रमिकों की मौत हो गई। 40 फीट ऊंचाई से विशाल चट्टान गिरने से कई मजदूर मलबे में दब गए, जबकि 5 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसे के बाद कई घंटों तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।
40 फीट ऊंची चट्टान गिरने से हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, हादसे के वक्त खदान में करीब 16 मजदूर काम कर रहे थे। इसी दौरान ऊपरी हिस्से से अचानक विशाल ग्रेनाइट चट्टान नीचे आ गिरी। चट्टान की चपेट में आने से कई मजदूर दब गए। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर खड़ा ट्रैक्टर और लोडिंग वाहन भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
MP के 5 मजदूरों की गई जान
हादसे में अनूपपुर जिले के जैतहरी क्षेत्र के रहने वाले भुवनेश्वर सिंह, राजेश प्रसाद चौधरी (28), राजपाल सिंह (35) और रामअवतार सिंह (31) की मौत हो गई। एक अन्य मृतक की पहचान की प्रक्रिया जारी है। सभी मजदूर रोजगार के लिए कर्नाटक में काम कर रहे थे।
5 घायल, घंटों चला रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। कई घंटे तक चले राहत एवं बचाव अभियान के बाद मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकाला गया। हादसे में 5 मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। वहीं, चार मजदूर सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे।
ड्रिलिंग के दौरान खिसकी चट्टान
सेंट्रल रेंज के डीआईजी एस. गिरीश ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि खदान के ऊपरी हिस्से में ड्रिलिंग के दौरान चट्टान खिसक गई, जो नीचे काम कर रहे मजदूरों पर गिर गई। फिलहाल हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
जांच के आदेश, मुआवजे का ऐलान
हादसे के बाद कर्नाटक सरकार ने उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। उपमुख्यमंत्री जी. परमेश्वर और मंत्री प्रियंक खड़गे ने प्रथम दृष्टया लापरवाही की आशंका जताते हुए जांच के निर्देश दिए हैं। वहीं, खदान संचालक ने मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये और घायलों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।