CM Rajgarh Visit : राजगढ़। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को राजगढ़ जिले के भैंसवामाता में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ का समापन किया। इस अवसर पर उन्होंने जल संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों और संस्थाओं को सम्मानित किया। साथ ही 352 करोड़ रुपये की लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन कर जिले को विकास की नई सौगात दी।
अभियान के तहत 3.62 लाख से अधिक कार्य पूरे
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ को प्रदेशभर में व्यापक जनसमर्थन मिला। अभियान के दौरान 3 लाख 62 हजार से अधिक जल संरक्षण और संवर्धन कार्य पूरे किए गए। इनमें तालाबों का जीर्णोद्धार, चेक डैम का निर्माण, वर्षा जल संचयन, नदी पुनर्जीवन और भू-जल स्तर बढ़ाने से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। सामूहिक प्रयासों से ही भविष्य में जल संकट का स्थायी समाधान संभव होगा।
WhatsApp Username Feature : अब बिना मोबाइल नंबर शेयर किए करें चैट, जानें नया फीचर कैसे करेगा काम
जल संरक्षण में योगदान देने वालों का हुआ सम्मान
समापन समारोह में जल संरक्षण और श्रमदान में उल्लेखनीय योगदान देने वाली ग्राम पंचायतों, जनपद पंचायतों, शासकीय विभागों, स्वयंसेवी संस्थाओं, जलदूतों, महिला स्व-सहायता समूहों, युवा संगठनों, किसानों और शैक्षणिक संस्थानों को सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे प्रयासों से जल संरक्षण को जन आंदोलन का स्वरूप मिल रहा है। उन्होंने लोगों से जल स्रोतों की नियमित देखभाल करने और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत अधिक से अधिक पौधे लगाने का भी आह्वान किया।
352 करोड़ की परियोजनाओं से विकास को मिलेगी रफ्तार
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान 352 करोड़ रुपये की लागत वाले कई विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इन परियोजनाओं से सड़क, पेयजल, आधारभूत सुविधाओं और ग्रामीण विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में ‘विकसित भारत-ग्रामीण रोजगार एवं आजीविका मिशन (VB GRAM G)’ की भी जानकारी दी गई, जिसकी शुरुआत 1 जुलाई 2026 से प्रस्तावित है। सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और आजीविका के नए अवसरों को बढ़ावा देना है।