Kerala Budget 2026 : तिरुवनंतपुरम। केरलम की नई UDF सरकार ने अपना पहला बजट पेश कर दिया है। मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने वित्तीय चुनौतियों के बीच पर्यटन, शिक्षा, रोजगार, महिला सुरक्षा, स्वास्थ्य, समुद्री अर्थव्यवस्था और बुनियादी ढांचे पर फोकस करते हुए कई बड़ी घोषणाएं की हैं। सरकार का दावा है कि यह बजट अगले पांच वर्षों के विकास का रोडमैप साबित होगा।
वित्तीय संकट के बीच विकास का खाका
बजट पेश करते हुए मुख्यमंत्री सतीशन ने माना कि राज्य गंभीर वित्तीय दबाव का सामना कर रहा है। बढ़ते कर्ज और सीमित संसाधनों के बावजूद सरकार ने रोजगार बढ़ाने, शिक्षा को मजबूत करने और सामाजिक कल्याण योजनाओं को प्राथमिकता देने का भरोसा जताया।
धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
सरकार ने केरल के प्रमुख मंदिरों को विकसित कर धार्मिक पर्यटन को नई पहचान देने की घोषणा की है। सबरीमाला, गुरुवायूर, कोट्टियूर और तिरुवल्लम समेत कई धार्मिक स्थलों को बेहतर सुविधाओं के साथ विकसित किया जाएगा।
मिशन समुद्र’ पर 400 करोड़
केरल को वैश्विक समुद्री केंद्र बनाने के लिए सरकार ने ‘मिशन समुद्र’ शुरू करने का ऐलान किया है। इस महत्वाकांक्षी योजना के लिए 400 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके तहत बंदरगाहों का विकास, समुद्री नीति तैयार करना और अंतरराष्ट्रीय समुद्री संग्रहालय की स्थापना शामिल है।
युवाओं और रोजगार पर खास फोकस
भविष्य की नौकरियों और कौशल की जरूरतों को समझने के लिए ‘ग्लोबल जॉब वॉच टावर’ बनाया जाएगा। यह संस्था रोजगार के नए अवसरों और बदलती स्किल जरूरतों पर नजर रखेगी। साथ ही स्टार्टअप और तकनीकी उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए 50 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।
शिक्षा क्षेत्र में बड़े फैसले
सरकार ने ‘केरल नॉलेज वैली’ परियोजना के लिए 100 करोड़ रुपये देने की घोषणा की है। इसका उद्देश्य राज्य को उच्च शिक्षा का प्रमुख केंद्र बनाना और छात्रों के विदेश पलायन को रोकना है। इसके अलावा अकादमिक परिषद का गठन, विदेशी छात्रों को आकर्षित करने की योजना और ओलंपिक विजन-2036 जैसे कार्यक्रम भी शुरू किए जाएंगे।
Telegram Ban : जारी रहेगा टेलीग्राम पर बैन, दिल्ली हाई कोर्ट ने खारिज की याचिका
महिलाओं की सुरक्षा और सुविधाओं पर जोर
महिलाओं के खिलाफ अपराध रोकने के लिए विशेष परियोजनाएं शुरू की जाएंगी। पुलिस थानों में महिला अधिकारियों की तैनाती बढ़ाई जाएगी। वहीं महिलाओं और ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए मुफ्त बस यात्रा योजना जारी रखने के लिए केएसआरटीसी को 600 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाएगा।
स्वास्थ्य और बीमा योजना
सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी के नाम पर नई स्वास्थ्य बीमा योजना शुरू करने की घोषणा की है। इसका मकसद आम परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराना है।
बुनियादी ढांचे को मिलेगी रफ्तार
तिरुवनंतपुरम और कोझिकोड में लाइट मेट्रो परियोजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए शुरुआती राशि मंजूर की गई है। परिवहन क्षेत्र के लिए 1,578 करोड़ रुपये और पर्यटन क्षेत्र के लिए 325 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
सामाजिक कल्याण और छात्र हित
रैगिंग रोकने के लिए नया कानून और छात्र कल्याण तंत्र लागू किया जाएगा। अनुसूचित जाति-जनजाति समुदाय के लिए नई आवास योजना शुरू होगी। दिव्यांगजनों के लिए बाधा-मुक्त पर्यटन को बढ़ावा देने की भी घोषणा की गई है।
वन्यजीव संघर्ष और पर्यावरण पर ध्यान
मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने के लिए 192 करोड़ रुपये से अधिक की राशि रखी गई है। प्रभावित क्षेत्रों में त्वरित प्रतिक्रिया दल तैनात किए जाएंगे और वन्यजीव संरक्षण के लिए विशेष कार्यक्रम चलाए जाएंगे।
Student Suicides : NEET री-एग्जाम के दबाव से एक और छात्रा ने की खुदकुशी, अब तक 10 मौतें
बजट की प्रमुख घोषणाएं
- मंदिरों और धार्मिक पर्यटन का विकास
- मिशन समुद्र के लिए 400 करोड़ रुपये
- केरल नॉलेज वैली के लिए 100 करोड़ रुपये
- मुफ्त बस यात्रा योजना के लिए 600 करोड़ रुपये
- ग्लोबल जॉब वॉच टावर की स्थापना
- ओमन चांडी स्वास्थ्य बीमा योजना
- तिरुवनंतपुरम और कोझिकोड में लाइट मेट्रो परियोजना
- स्टार्टअप और इनोवेशन को बढ़ावा
- महिला सुरक्षा और रैगिंग विरोधी कदम
- परिवहन क्षेत्र को 1,578 करोड़ रुपये का आवंटन