Sapna Choudhary Controversy: नई दिल्ली। तेरी अखियां का यों काजल और ‘बिग बॉस’ फेम सपना चौधरी की निजी जिंदगी इन दिनों काफी सुर्खियों में है। सपना ने अपने पति वीर साहू पर घरेलू हिंसा और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं।
इतना ही नहीं, बल्कि मामला अब अदालत तक पहुंच गया है, जहां उन्हें फिलहाल अंतरिम राहत मिली है।
पार्टियों में भी किया हंगामा
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सपना चौधरी ने आरोप लगाया है कि उनके पति कई बार उनके साथ मारपीट कर चुके हैं और सार्वजनिक जगहों पर भी हंगामा किया है। उन्होंने अदालत को बताया कि हालात इतने बिगड़ गए कि उन्हें अपने बच्चों के साथ घर छोड़ना पड़ा। इसके बाद उन्होंने घरेलू हिंसा की शिकायत दर्ज कराते हुए कानूनी मदद मांगी।
मामले की सुनवाई के दौरान द्वारका महिला कोर्ट ने शुरुआती तौर पर सपना के पक्ष में राहत देते हुए उनके पति को अगली सुनवाई तक उनसे संपर्क करने, उनके घर या कार्यस्थल पर जाने और किसी भी तरह की प्रताड़ना देने से रोक दिया है।
अदालत ने दी पुलिस सुरक्षा
अदालत ने याचिका के साथ पेश किए गए दस्तावेजों, कथित चोटों की तस्वीरों और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सबूतों को देखते हुए अंतरिम सुरक्षा देने का फैसला लिया। साथ ही स्थानीय पुलिस और प्रोटेक्शन ऑफिसर को अदालत के आदेशों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।
बता दें कि सपना चौधरी और वीर साहू ने साल 2020 में शादी की थी। दोनों के दो बेटे हैं। फिलहाल मामले की अगली सुनवाई 25 जुलाई को होगी, जहां इस पूरे विवाद पर आगे की सुनवाई की जाएगी।