SUSHMITA DEV RESIGNATION: पश्चिम बंगाल। तृणमूल कांग्रेस में जारी अंदरूनी हलचल के बीच पार्टी को एक और बड़ा झटका लगा है। राज्यसभा सांसद सुष्मिता देव ने पार्टी से इस्तीफा देने का फैसला किया है। उनके इस कदम ने पश्चिम बंगाल से लेकर दिल्ली तक राजनीतिक चर्चाओं को तेज कर दिया है।
इस्तीफे के बाद सुष्मिता देव ने असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा से मुलाकात की, जिसके बाद उनके अगले राजनीतिक कदम को लेकर अटकलें और तेज हो गई हैं।
आज सी.पी. राधाकृष्णन को सौंपेंगी इस्तीफा
सुष्मिता देव तृणमूल कांग्रेस के सांसद सुखेंदु शेखर राय के बाद एक सप्ताह के भीतर इस्तीफा देने वाली दूसरी राज्यसभा सांसद बन गई हैं। बताया जा रहा है कि वह आज दोपहर एक बजे उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति सी.पी. राधाकृष्णन से मुलाकात कर अपना इस्तीफा औपचारिक रूप से सौंपेंगी।
सूत्रों के मुताबिक, पिछले कुछ समय से पार्टी के भीतर असंतोष की स्थिति बनी हुई थी। हाल ही में तृणमूल कांग्रेस के कुछ सांसदों द्वारा NDA को समर्थन देने की चर्चा भी सामने आई थी। ऐसे में सुष्मिता देव का इस्तीफा पार्टी के लिए एक और बड़ा झटका माना जा रहा है।
TMC Political Crisis : TMC में बड़ी दरार! 58 विधायकों ने बनाया अलग गुट, रितब्रता बनर्जी बने नेता
उनके अगले राजनीतिक कदम को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन हिमंता बिस्वा सरमा से मुलाकात के बाद उनके भाजपा में शामिल होने की अटकलें भी तेज हो गई हैं।

काकोली घोष के बयान के बाद बढ़ीं राजनीतिक हलचल
हाल ही में पार्टी की बागी सांसद काकोली घोष दस्तीदार ने दावा किया था कि टीएमसी के करीब 20 सांसद राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के साथ जाने की इच्छा जता चुके हैं।
दस्तीदार के अनुसार, इस संबंध में एक पत्र भी लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को सौंपा गया था। उनके इस दावे के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति में हलचल बढ़ गई और पार्टी के भीतर संभावित टूट को लेकर अटकलों का दौर शुरू हो गया।