Noida Fire : उत्तर प्रदेश। दिल्ली से सटे नोएडा के सेक्टर-75 स्थित आईवीवाई काउंटी सोसाइटी में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक बहुमंजिला टावर के 12वें फ्लोर पर बने फ्लैट में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि फ्लैट की बालकनी और खिड़कियों से ऊंची-ऊंची लपटें निकलती दिखाई दीं। कुछ ही मिनटों में घना काला धुआं पूरे इलाके में फैल गया। आग की भयावहता को देखते हुए आसपास के फ्लैटों में रहने वाले लोग घबरा गए और सोसाइटी में दहशत का माहौल बन गया।
दमकल और पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की कई टीमें मौके पर पहुंच गईं। आग ऊंचाई पर होने के कारण फायर ब्रिगेड को राहत कार्य में काफी चुनौती का सामना करना पड़ा। दमकल कर्मियों ने हाइड्रोलिक क्रेन और आधुनिक उपकरणों की मदद से आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
सुरक्षा के मद्देनजर प्रभावित टावर और आसपास के फ्लैटों को खाली कराया गया। लोगों को सीढ़ियों के जरिए सुरक्षित बाहर निकाला गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
आग लगने के कारणों की जांच जारी
फिलहाल आग लगने के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है। शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट या बालकनी में रखे किसी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण से हादसा होने की जताई जा रही है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह सामने आएगी। फिलहाल प्राथमिकता आग पर पूरी तरह काबू पाने और किसी के अंदर फंसे होने की संभावना को खत्म करने की है।
सेक्टर-52 के पीजी में भी लगी आग
आईवीवाई काउंटी की घटना के बीच ही दमकल विभाग को नोएडा सेक्टर-52 स्थित शताब्दी विहार के एक पीजी भवन में आग लगने की सूचना मिली। इस इमारत के निचले हिस्से में रेस्टोरेंट संचालित होता है, जबकि ऊपरी मंजिलों पर पीजी आवास हैं। यहां कई छात्र और नौकरीपेशा युवा रहते हैं। आग की सूचना मिलते ही राहत दल मौके पर पहुंच गया और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास शुरू कर दिया गया।
Dalit Youth Assault : ईद की दावत पर बुलाकार युवक से तीन लोगों ने किया सामूहिक दुष्कर्म
दिल्ली में हाल के दिनों में सामने आए बड़े अग्निकांड
नोएडा की इन घटनाओं से पहले दिल्ली भी हाल के दिनों में आग की कई बड़ी घटनाओं का सामना कर चुकी है। 3 जून को मालवीय नगर क्षेत्र के एक होटल में लगी भीषण आग में 21 लोगों की मौत हो गई थी। हादसे के दौरान कई लोग जान बचाने के लिए खिड़कियों से कूद गए थे।
इसके अलावा सफदरजंग एन्क्लेव के एक होटल के बेसमेंट में भी आग लगी थी, जिसे समय रहते काबू में कर लिया गया। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने इमारतों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं।