Twisha Sharma Death Case : मध्य प्रदेश। भोपाल में मॉडल और अभिनेत्री ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में अब देश की सबसे बड़ी जांच एजेंसी CBI ने जांच की जिम्मेदारी संभाल ली है। सोमवार को CBI ने भोपाल पुलिस से केस डायरी और सभी महत्वपूर्ण दस्तावेज अपने कब्जे में लेकर नए सिरे से FIR दर्ज की। इस हाई-प्रोफाइल मामले में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं। वहीं, भोपाल की कटारा हिल्स पुलिस की 7 दिन की रिमांड में मौजूद ट्विशा के पति समर्थ सिंह से पूछताछ में कई अहम बातें सामने आई हैं।
पति समर्थ सिंह ने क्या बताया?
पुलिस सूत्रों के अनुसार समर्थ सिंह पूछताछ में ज्यादातर वही बातें दोहरा रहा है, जो उसकी मां गिरिबाला सिंह पहले से कहती रही हैं। समर्थ ने दावा किया कि शादी के शुरुआती दिनों में उसका और ट्विशा का रिश्ता सामान्य था। लेकिन 17 अप्रैल को ट्विशा के प्रेग्नेंट होने की जानकारी मिलने के बाद उसका व्यवहार बदल गया। समर्थ के मुताबिक इसके बाद दोनों के बीच लगातार विवाद होने लगे थे।
ग्लैमर वर्ल्ड को बताया विवाद की वजह
समर्थ सिंह ने पुलिस को बताया कि ट्विशा खुद को ग्लैमर वर्ल्ड से जुड़ा मानती थी और वह सामान्य घरेलू जिंदगी नहीं जीना चाहती थी। उसने दावा किया कि ट्विशा अक्सर मॉडलिंग और एक्टिंग करियर का हवाला देती थी। समर्थ के अनुसार इसी बात को लेकर दोनों के बीच कई बार बहस होती थी। पुलिस अब इन दावों की सच्चाई की जांच कर रही है।
अप्रैल की घटना से बढ़ा विवाद
पूछताछ में समर्थ ने अप्रैल महीने की एक घटना का भी जिक्र किया। उसने बताया कि दोनों को साथ में बेंगलुरु जाना था, लेकिन आखिरी समय पर ट्विशा ने अजमेर जाने की बात कही। समर्थ अकेले बेंगलुरु चला गया जबकि ट्विशा अजमेर पहुंची। बाद में समर्थ को पता चला कि ट्विशा वहां केवल एक दिन रुकी और फिर दिल्ली चली गई। इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद और बढ़ गया था।
12 मई की रात क्या हुआ?
ट्विशा की मौत वाली रात की कहानी बताते हुए समर्थ ने कहा कि 12 मई को सबकुछ सामान्य लग रहा था। उसके मुताबिक रात को दोनों ने खाना खाया, सोसाइटी के पार्क में टहलने गए और फिर घर लौटकर टीवी देखा। कुछ देर बाद वह सोने चला गया जबकि ट्विशा फोन पर अपने परिवार से बात करने नीचे चली गई। समर्थ का दावा है कि देर रात उसकी मां ने उसे जगाया और बताया कि ट्विशा की मां का फोन आया है क्योंकि ट्विशा फोन नहीं उठा रही थी।
छत पर फंदे से लटकी मिली ट्विशा
समर्थ के अनुसार जब उसने और उसकी मां ने ट्विशा को ढूंढना शुरू किया तो वह छत पर फंदे से लटकी मिली। उसने दावा किया कि दोनों ने मिलकर ट्विशा को नीचे उतारा, CPR दिया और तुरंत भोपाल AIIMS लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने ट्विशा को मृत घोषित कर दिया। हालांकि पुलिस और CBI इस पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच कर रही हैं।
फरारी के दौरान जबलपुर में छिपा था समर्थ
घटना के बाद समर्थ सिंह फरार हो गया था। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह एक हफ्ते से ज्यादा समय तक जबलपुर में छिपा रहा। उसने मोबाइल फोन का इस्तेमाल भी बंद कर दिया था ताकि पुलिस उसकी लोकेशन ट्रेस न कर सके। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि फरारी के दौरान उसे किसने मदद और पनाह दी। हालांकि समर्थ ने अपने मददगारों के नाम बताने से इनकार कर दिया है।
परिवार ने लगाए प्रताड़ना के आरोप
ट्विशा शर्मा के परिवार ने आरोप लगाया है कि ससुराल वालों ने उनकी बेटी को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया। परिवार का कहना है कि इसी प्रताड़ना के कारण ट्विशा को आत्महत्या के लिए मजबूर होना पड़ा। भोपाल पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 80(2), 85 और 3(5) के साथ दहेज निषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
ससुराल पक्ष ने लगाए अलग आरोप
दूसरी तरफ ससुराल पक्ष का दावा है that ट्विशा को ड्रग्स की लत थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए हाईकोर्ट के आदेश पर ट्विशा का दूसरा पोस्टमार्टम दिल्ली AIIMS के जरिए कराया गया है। अब सभी की नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट और CBI जांच पर टिकी हुई है।
सुप्रीम कोर्ट ने लिया स्वतः संज्ञान
इस मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने भी स्वतः संज्ञान लिया है। सोमवार को हुई सुनवाई में अदालत ने कहा कि एक महिला की असामयिक मौत बेहद गंभीर विषय है और इसकी सच्चाई सामने आनी चाहिए। कोर्ट ने अफवाहों और अटकलों से बचने की बात कही और निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए। अदालत ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि बेटी को खोने का दर्द बेहद असहनीय होता है।
CNG Price Hike : महीने में चौथी बार बढ़े सीएनजी के दाम, दिल्ली में कीमत 83.09 रुपए KG
जांच में पारदर्शिता पर जोर
सुप्रीम कोर्ट ने जांच प्रक्रिया में सामने आई अनियमितताओं पर चिंता जताई। अदालत ने कहा कि ऐसे संवेदनशील मामलों में जांच एजेंसियों को पूरी पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ काम करना चाहिए। अब CBI की जांच से इस मामले में कई अहम खुलासे होने की उम्मीद जताई जा रही है।