CJP X Account : नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी यानी CJP के फाउंडर अभिजीत दिपके (Abhijeet Dipke) ने अपने संगठन के ऑफिशियल X अकाउंट को ब्लॉक किए जाने के खिलाफ दिल्ली हाई कोर्ट (Delhi High Court) में याचिका दायर की है। दिपके का आरोप है कि सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा का हवाला देकर पार्टी के सोशल मीडिया अकाउंट्स पर कार्रवाई की है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी का X अकाउंट सस्पेंड कर दिया गया, जबकि इंस्टाग्राम अकाउंट और बैकअप सोशल मीडिया हैंडल भी हटा दिए गए। यह मामला अब सोशल मीडिया सेंसरशिप और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को लेकर चर्चा में आ गया है।
इंस्टाग्राम अकाउंट हैक होने का भी आरोप
अभिजीत दिपके ने आरोप लगाया कि कॉकरोच जनता पार्टी का आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट हैक कर लिया गया था, जिसके कारण संगठन ने पेज का एक्सेस खो दिया। उन्होंने अपने निजी X अकाउंट के जरिए जानकारी साझा करते हुए कहा कि उनके व्यक्तिगत इंस्टाग्राम अकाउंट के साथ भी छेड़छाड़ की गई।
दिपके ने कहा कि पार्टी का X अकाउंट पहले रोका गया और बाद में उसका बैकअप अकाउंट भी हटा दिया गया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर हुई इस कार्रवाई को सुनियोजित बताया है।
अभिजीत को राजनीति में नहीं चाहते, Cockroach Janata Party के संस्थापक के माता-पिता को गिरफ्तारी का डर
केंद्र सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
अपने पोस्ट में अभिजीत दिपके ने केंद्र सरकार पर “तानाशाही” तरीके से काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि युवाओं के नेतृत्व वाले इस आंदोलन को दबाने की कोशिश की जा रही है। दिपके का दावा है कि सोशल मीडिया पर उनकी बढ़ती लोकप्रियता और युवाओं के बीच समर्थन को देखते हुए यह कार्रवाई की गई है। हालांकि, सरकार की ओर से अभी तक इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
क्या है कॉकरोच जनता पार्टी?
कॉकरोच जनता पार्टी की शुरुआत एक ऑनलाइन व्यंग्यात्मक अभियान के रूप में हुई थी। धीरे-धीरे यह युवाओं की नाराज़गी और सामाजिक मुद्दों को उठाने वाला मंच बन गया। इस प्लेटफॉर्म ने मीम्स, वीडियो और राजनीतिक टिप्पणी के जरिए बेरोजगारी, पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था और युवाओं से जुड़े मुद्दों को सोशल मीडिया पर उठाया। कम समय में ही यह संगठन सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो गया और युवाओं के बीच इसकी चर्चा बढ़ने लगी।
CJI की कथित टिप्पणी के बाद शुरू हुआ विवाद
यह पूरा विवाद उस समय शुरू हुआ जब सुप्रीम कोर्ट की एक सुनवाई के दौरान चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया सूर्यकांत की कथित टिप्पणी सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। दावा किया गया कि उन्होंने कहा था कि “कॉकरोच जैसे युवा, जिन्हें नौकरी नहीं मिलती, वे मीडिया, सोशल मीडिया या एक्टिविस्ट बन जाते हैं।” इस बयान को लेकर सोशल मीडिया पर काफी विवाद हुआ। बाद में चीफ जस्टिस ने कहा कि उनकी बात को गलत तरीके से पेश किया गया था।
CJI ने दी सफाई
चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने बाद में स्पष्ट किया कि उनकी टिप्पणी केवल उन लोगों के संदर्भ में थी जो “फर्जी डिग्री” लेकर लीगल प्रोफेशन में आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनके बयान को संदर्भ से हटाकर पेश किया गया। इसके बावजूद सोशल मीडिया पर यह मुद्दा लगातार चर्चा में बना रहा और इसी के बाद कॉकरोच जनता पार्टी का नाम तेजी से वायरल हुआ।
UPDATE : ट्विशा शर्मा केस में समर्थ सिंह का मोबाइल-लैपटॉप-पासपोर्ट जब्त, 3 घंटे SIT ने की पूछताछ
युवाओं के बीच बढ़ रही लोकप्रियता
कॉकरोच जनता पार्टी ने सोशल मीडिया पर खासकर युवाओं के बीच अपनी अलग पहचान बनाई है। पार्टी का कंटेंट मीम्स और व्यंग्य के जरिए गंभीर सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों को उठाता रहा है। कई युवा इसे अपनी आवाज मानते हैं। अब सोशल मीडिया अकाउंट्स पर हुई कार्रवाई और हाई कोर्ट में दाखिल याचिका के बाद यह मामला और ज्यादा चर्चा में आ गया है।